
जगन्नाथपुर : लॉकडाउन के दौरान गुटखा, जर्दा व तम्बाकू पर रोक के बावजूद इन सामग्रियों का अवैध व्यापार चल रहा है. अनुमंडल में कोरोना के मामले आने के बाद दुकानों में गुटखा, तंबाकू सहित अन्य धूम्रपान पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया गया है. इसके बाद भी जगन्नाथपुर की कुछ दुकानों में गुटखा, तंबाकू, बीड़ी, सिगरेट की कालाबाजारी बड़े स्तर पर हो रही है. हालात यह है कि गुटखा के डीलर चोरी-छिपे गोदाम से फुटकर विक्रेताओं को बेच रहे हैं, जो ग्राहक को 4 से 5 गुना महंगे दाम पर बेच रहे हैं.

इसी के आलोक में बुधवार को अनुमंडल कार्यपालक दंडाधिकारी सुषमा लकड़ा, अंचलाधिकारी तृप्ति विजया कुजूर के नेतृत्व में जगन्नाथपुर पुलिस ने अवैध गुटखा जर्दा, तंबाकू की कालाबाजारी करने वालों के यहां छापामारी की. इसमें दो दुकानों में जगन्नाथपुर शंकर दुकान व दिनेश दुकान से गुटखा व तंबाकू जब्त कर दोनों दुकानदारों को थाना लाया गया. वहां दोनों दुकानदारों से पांच-पांच हजार रुपये जुर्माना काटा गया. साथ ही बांड लिखवा कर छोड़ा गया. कार्यपालक दंडाधिकारी के उपस्थिति में सभी अवैध गुटखा पान मसाला तंबाकू को जलाकर नष्ट कर दिया गया.







