
चक्रधरपुर : भाजपा जिला अध्यक्ष विपिन पूर्ति ने कहा कि जल, जंगल व जमीन की राजनीति करने वाली पार्टी से ही आदिवासी समाज परेशान है. यह सरकार नये-नये टैक्स का कानून ला रही है. उन्होंने कहा कि आदिवासियों को ठग कर झामुमो ने वोट लिया है. अब लोग ठगा सा महसूस कर रहे हैं. श्री पूर्ति ने यह बात चक्रधरपुर दौरे के क्रम में कही. उन्होंने कहा कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष से मिलकर जल्द ही जिला कमेटी का विस्तार कर लिया जायेगा. उन्होंने कहा कि आम जनता की समस्याओं का समाधान प्रमुखता के साथ किया जाएगा. साथ ही राज्य सरकार के जनविरोधी कार्य का हर मोर्चे पर कड़ा विरोध और जरूरत पड़ी तो आंदोलन भी किया जाएगा. भाजपा जिलाध्यक्ष विपिन पूर्ति ने कहा कि सभी को साथ लेकर संगठन को मजबूत करेंगे. उन्होंने कहा कि वर्तमान में जिले के विभिन्न मंडलों का दौरा कर सब से मिल रहे हैं और रायशुमारी कर रहे हैं कि संगठन को किस आधार पर मजबूत किया जाएगा. इस दौरान उनके साथ नोवामुंडी मंडल अध्यक्ष अशोक पान, सारंडा मंडल अध्यक्ष मधुसूदन तुबिड व प्रखंड मंत्री महंगीलाल केराई भी उपस्थित थे. चक्रधरपुर में वह भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा व पूर्व विधायक गुरुचरण नायक से भी मिले.






