
चाईबासा : नीमडीह निवासी नेहा निषाद के द्वारा शिक्षा मंत्री को ट्वीट पर बताया गया कि गुटुसाई में भाड़े में रह रही 10 वर्षीय बच्ची पढ़ाई से वंचित है।इसका संज्ञान लेते हुए शिक्षा मंत्री ने उपायुक्त चाईबासा को ट्वीट किया कि बच्ची का स्कूल में नामांकन क्यों नहीं हुआ।इस तथ्य की जांच के लिए उपायुक्त ने सदर बीडीओ और बीईईओ को बच्ची का घर भेजा। जांच में पता चला कि बच्ची छोटी लागुरी मध्य विद्यालय, नीमडीह में चौथी कक्षा की छात्रा है।वह अपनी बीमार दादी को देखने अपना मूल गांव में टोंटो प्रखंड के सरेंगसिया गई थी, जिसके कारण फरवरी से कक्षा में उपस्थित नहीं हो पा रही थी। मार्च से लॉकडाउन के कारण विद्यालय बंद है। इस बीच नेहा निषाद ने बच्ची से स्कूल में नामांकन संबंधी सवाल पूछा तो बच्ची ने कहा कि वह स्कूल नहीं जाती है। इसका अर्थ नेहा ने समझ बैठी कि बच्ची स्कूल में नामांकित नहीं है और इसकी जानकारी सीधे शिक्षा मंत्री को ट्वीट कर दिया। मौके पर मौजूद ट्वीटकर्ता नेहा को बीडीओ ने सुझाव दिया कि किसी तरह का शिकायत हो तो स्थानीय प्रशासन को इसकी जानकारी प्रामाणिकता के साथ कीजिए।मौके पर मध्य विद्यालय नीमडीह की शिक्षिका किरण गुड़िया छात्र उपस्थिति पंजी लेकर उपस्थित थी। जिसमें छात्रा का नाम अंकित है, लेकिन अपने मूल गांव आने-जाने के कारण ठीक से उपस्थित नहीं हो रही थी।छात्रा के पिता जो हाल ही में बंगलूरू से मजदूरी करके लौटे सागर लागुरी ने बताया कि बच्ची का स्कूल में नामांकन संबंधी बात उनसे नहीं पूछा गया, इसलिए शिकायतकर्ता को सही जानकारी नहीं मिली।जांच के दौरान बीडीओ पारुल सिंह व बीईईओ नागेश्वर सिंह के बच्ची को पुस्तकें और लॉकडाउन अवधि का प्रतिपूर्ति खाद्यान्न व राशि प्रदान किया गया।इस मौके पर नीमडीह मुखिया सुमित्रा देवगम,वार्ड सदस्य राकेश पोद्दार, पंचायत सचिव निरंजन महतो, सीआरपी निरूप चंद,गुटुसाई की शिक्षिकाएं स्मिता बरवा, रीता विश्वकर्मा,प्राथमिक विद्यालय नीमडीह के शिक्षक दीपक कटियार,उत्क्रमित मध्य विद्यालय नीमडीह के शिक्षक कृष्णा देवगम समेत मुहल्लेवासी रीना बनर्जी, रंजन सिंह, पूर्णचंद्र दास, मोहन चन्द्र दास, पूनम झा, अदिति लोहरा, उर्मिला लागुरी, गंगाधर गोप ,लखिन्द्र नायक आदि उपस्थित थे।














