
जमशेदपुर : जमशेदपुर के रजिस्ट्री ऑफिस में एक बार फिर से कामकाज ठप हो गया है. शनिवार को अधिवक्ता को बेहूदा कहे जाने के मामले को लेकर अधिवक्ताओं ने संयुक्त रुप से रजिस्ट्री ऑफिस के सामने ही मीटिंग की. इस मीटिंग में यह तय किया गया कि बेवजह का विवाद पैदा करने वाले रजिस्ट्रार या तो माफी मांगे या फिर इस मामले में राज्य सरकार कोई कार्रवाई करें तो ही वे लोग कामकाज शुरू करेंगे. इस गतिरोध को समाप्त करने के लिए भी अब तक किसी तरह की कोई पहल नहीं की गयी है. अधिवक्ताओं ने कहा है कि जब तक अपने कृत्य पर रजिस्ट्रार माफी नहीं मांगते है, तब तक वे लोग कार्य का बहिष्कार करेंगे.

इन लोगों ने बकायदा रजिस्ट्री ऑफिस के बाहर नोटिस भी चस्पा कर दिया है और कहा है कि वे लोग गलत नहीं है, इस कारण वे लोग चाहते है कि साफगोई के साथ और आत्मसम्मान के साथ काम करें, लेकिन अगर उनके साथ गलत व्यवहार किया जायेगा तो बरदाश्त नहीं किया जायेगा.
जिला बार एसोसिएशन ने कहा है कि अगर उनकी मांगे पूरी नहीं हुई तो वे लोग आंदोलन पर उतारू हो जायेंगे. गौरतलब है कि रजिस्ट्री ऑफिस में अपने क्लाइंट के लिए रजिस्ट्री कराने गये एक अधिवक्ता के साथ रजिस्ट्रार का कहा सुनी हो गयी थी. आरोप लगाया गया था कि अधिवक्ता को रजिस्ट्रार ने बेहूदा कह दिया था, जिसके बाद से विवाद बढ़ गया. शनिवार को हंगामा हुआ था, लेकिन सोमवार को भी अब आंदोलन को जारी रखा गया है.















