
पलामू : झारखंड के जमीन के अंदर खजाना छिपा है, यह कहा जाता रहा है, लेकिन सोमवार को यह चरितार्थ हुआ. पलामू के पांकी के नौडीहा गांव में रविवार को खुदाई करते समय मजदूरों को मिट्टी में गड़ा खजाना मिला. भलही में खुदाई के दौरान धातु के कलश में भरे लगभग 250 मुगलकालीन चांदी के सिक्के मिले हैं, जो
पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है. जानकारी के अनुसार यह कलश वचन बैठा के खेतों के समतलीकरण के दौरान निकला. वचन बैठा के खेत में काम में लगे लोगों ने उस पर ध्यान नहीं दिया और वहीं छोड़ दिया.

बाद में बारिश से धुलने के बाद नौडीहा के ही जहीर मियां के परिजनों ने उसे उठाया और घर ले गए. कलश में से लगभग 250 चांदी के सिक्के निकले, जिन पर उर्दू और अरबी भाषा में लिखा हुआ मिला है. हालांकि पांकी पुलिस 102 सिक्के को बरामद कर चुकी है. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है. नौडीहा से पहले पलामू के कबरा कलां में भी ऐसे ही खुदाई के दौरान घड़े में भरा हुआ चांदी का सिक्का मिला था. बाद में विशेषज्ञों ने जांच में पाया कि वे सारे सिक्के मुगलकाल के थे.

कबरा कलां से मिले सिक्के और नौडीहा से मिले सिक्के लगभग एक ही प्रकार के हैं. इनकी पुरातात्विक जांच के बाद इसका खुलासा हो सकेगा कि सिक्के कैसे है. वैसे पुरातत्वविदों का कहना है कि मुगल काल में पलामू के रास्ते ही सेना या शासक जाते थे. इस कारण यहां बहुत से अवशेष मिलते हैं. ये सिक्के भी उसी काल के प्रतीत होते हैं.















