
रांची : झारखंड राज्य के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता सोमवार को रिम्स से डिस्चार्ज हो गये. स्वास्थ्य मंत्री अपना हर्निया का ऑपरेशन कराने 09 जुलाई को रिम्स में भर्ती हुए थे. जहां डॉक्टरों ने उन्हें 3 दिन तक अपनी निगरानी में रखा उसके बाद आज अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया है. स्वास्थ्य मंत्री के डिस्चार्ज होने के बाद डॉक्टरों ने उन्हें घर पर आराम करने की सलाह दी है. साथ ही खाने-पीने में भी परहेज करने की सलाह दी है. स्वास्थ्य मंत्री को अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद उन्हें बाहर तक छोड़ने के लिये कोविड टास्क फोर्स के चेयरमैन डॉ प्रभात कुमार, डॉ निशित एक्का सहित कई वरिष्ठ डॉक्टर आए हुए थे. स्वास्थ्य मंत्री लगभग दोपहर 12 बजे अस्पताल से डिस्चार्ज हुए और वह वहां से सीधे अपने आवास के लिए रवाना हो गए. रिम्स से डिस्चार्ज हुए स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने रिम्स के चिकित्सकों और प्रबंधन का आभार जताया है. उन्होंने कहा कि रिम्स पर भरोसा करें, यहाँ के चिकित्सक टैलेंटेड हैं, कर्मक्षेत्र में वापस आ गया हूँ. कुछ दिन चिकित्सकों ने आराम को कहा हैं, लेकिन जनहित और जनसेवा के कार्यों के लिए उपलब्ध रहूंगा.















