
चाकुलिया : चाकुलिया प्रखंड की बड़ामारा पंचायत के मौरबेड़ा गांव के मारेडीह टोला में स्वच्छ भारत अभियान के तहत निर्मित शौचालय ग्रामीणों के लिए दर्शन की बस्तु बन कर रह गये हैं. टोला में 15 परिवारों के बीच एक भी चापाकल नहीं है. गांव में निर्मित एक मात्र कुआं में 80 फीट नीचे तक भी पानी नहीं है. ग्रामीणों के समक्ष पेयजल की घोर समस्या है. टोला क ग्रामीण सावना किस्कू, सनातन हांसदा, तपन हांसदा ने बताया कि वे सभी पीने के लिए पानी डेढ़ किमी दूर मौरबेड़ा गांव से लाते हैं. उनके यहां पेयजल की सुविधा उपलब्ध नहीं है, तो वे शौचालय के लिए पानी कहां से लायेंगे. पानी के अभाव के कारण वे सभी शौचालय का प्रयोग नहीं करते हैं. वे सभी आज भी खुले में शौच के लिए जाते हैं.
12 हजार का शौचालय बना सूअर का तबेला : मौरबेड़ा गांव के मारेडीह टोला में निर्मित 12 हजार का शौचालय का प्रयोग ग्रामीण शौच के लिए नहीं वरन सूअर पालने के लिए तबेला के रूप में कर रहे हैं. टोला के एक घर में लाभुक ने शौचालय के पास चार खूंटा गाड़कर वहां सूअर रखा है. ग्रामीणों ने कहा कि टोला में पानी नहीं है तो वे सभी शौचालय का प्रयोग नहीं करते हैं. शौचालय को बरसात के दिनों में सूअर को रखने के प्रयोग में ला रहे हैं.














