
जमशेदपुर : बागबेड़ा बड़ौदा घाट पर मां मनसा की मूर्ति विसर्जन के दौरान डूबे किशोर का शव घटना के कुछ देर बाद नदी से बरामद कर लिया गया. पुलिस के प्रयास से गोताखोरों ने शव को नदी से ढूंढ़ निकाला. नदी से शव निकलते ही वहां महिलाओं व बच्चों में चीख-पुकार मच गयी. उसके बाद परिजन शव को अस्पताल ले जाने को कहने लगे. उन्हें उम्मीद थी कि किशोर जीवित है. उनके कहने पर शव को अस्पताल ले जाया गया.
मौके पर पुलिस ने बताया कि गोताखोरों के सहयोग से शव को नदी से निकाल लिया गया है. परिजनों को जीवित होने की उम्मीद है. गौरतलब है कि बुधवार को मनसा पूजा का मूर्ति विसर्जन करने के लिए एक परिवार के लोग नदी पहुंचे थे. वहां कलश में जल लेने के दौरान एक किशोर नदी के तेज बहाव में बहने लगा, उसे बचाने के प्रयास में दो और लोग बहाव में बहने लगे, उन्हें वहां मौजूद एक व्यक्ति ने बचा लिया. लेकिन एक को नहीं बचा सका. उसके बाद स्थानीय पुलिस को भी सूचना दी गयी. पुलिस ने मौके पर पहुंच कर गोताखोरों की मदद से शव को निकलवाया.








