जमशेदपुर : गेल (इंडिया) लिमिटेड और टाटा स्टील ने जमशेदपुर स्थित टाटा स्टील के 17 प्रतिष्ठानों में पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) की आपूर्ति के लिए वाणिज्यिक समझौते किए हैं. यह समझौता टाटा स्टील के प्रतिष्ठानों में स्वच्छ, विश्वसनीय और सुविधाजनक ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है. समझौते पर गेल की टीम का नेतृत्व कर रहे गेल के जीएम गौरी शंकर मिश्रा और टाटा स्टील की टीम का नेतृत्व कर रहीं चीफ एलएंडडी व चीफ डाइवर्सिटी ऑफिसर जया सिंह पांडा ने हस्ताक्षर किए. इस अवसर पर टाटा स्टील और गेल की टीमें भी उपस्थित रहीं. इन नए पीएनजी कनेक्शनों के माध्यम से टाटा स्टील के विभिन्न प्रतिष्ठानों को पीएनजी की आपूर्ति की जाएगी, जिनमें कैंटीन, मेस, गेस्ट हाउस, क्लब और अन्य संबंधित सुविधाएं शामिल हैं. इन नए कनेक्शनों के जुड़ने से जमशेदपुर में टाटा स्टील के प्रतिष्ठानों में एलपीजी सिलेंडरों पर निर्भरता को काफी कम करने में मदद मिलेगी. पीएनजी के उपयोग से इन प्रतिष्ठानों को प्राकृतिक गैस की निरंतर और विश्वसनीय आपूर्ति मिलेगी. इससे एलपीजी सिलेंडरों के भंडारण और उनके रख-रखाव की आवश्यकता भी कम होगी. (नीचे भी पढ़ें)
पीएनजी में गैस का दबाव और गुणवत्ता एक समान रहती है. इसके अलावा, यह बेहतर सुरक्षा, अधिक सुविधा और गैस खपत की पारदर्शी निगरानी की सुविधा भी प्रदान करता है. गौरी शंकर मिश्रा ने बताया कि गेल के जमशेदपुर सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन (सीजीडी) नेटवर्क से जुड़े वाणिज्यिक ग्राहकों की संख्या 100 से अधिक हो गई है. गेल पूर्वी सिंहभूम में वाणिज्यिक और औद्योगिक प्रतिष्ठानों तक पीएनजी की पहुंच लगातार बढ़ा रहा है. यह समझौता गेल और टाटा स्टील के बीच सहयोग को और मजबूत करता है तथा जमशेदपुर में प्राकृतिक गैस के बढ़ते उपयोग को दर्शाता है. प्राकृतिक गैस एक स्वच्छ, कुशल और पर्यावरण के अनुकूल ऊर्जा विकल्प है. गौरी शंकर मिश्रा ने कहा कि गेल अपने विस्तारित सीजीडी नेटवर्क के माध्यम से क्षेत्र के वाणिज्यिक और औद्योगिक उपभोक्ताओं को स्वच्छ ऊर्जा की ओर बढ़ने में लगातार सहयोग प्रदान कर रहा है.




