जमशेदपुर : टाटा स्टील की 119वीं वार्षिक आमसभा (एजीएम) 2 जुलाई को सुबह 10:30 बजे बुलायी गयी है. कंपनी की ओर से इसकी आधिकारिक सूचना जारी कर दी गयी है. एजीएम ऑनलाइन मोड में आयोजित होगी, जिसमें कई महत्वपूर्ण एजेंडों पर चर्चा की जायेगी. कंपनी सेक्रेटरी और चीफ लीगल ऑफिसर पर्वथीसम कंचिनाधम ने इसकी जानकारी एनएसइ और बीएसई को दी है. आमसभा में 4 रुपये प्रति सामान्य शेयर डिविडेंड के प्रस्ताव को मंजूरी के लिए रखा जायेगा. शेयरधारकों की स्वीकृति मिलने के बाद डिविडेंड की घोषणा और भुगतान की प्रक्रिया शुरू होगी. कंपनी ने बताया है कि डिविडेंड भुगतान पर नियमानुसार कर की कटौती भी की जायेगी. (नीचे भी पढ़ें)
एजीएम में विभिन्न प्रस्तावों पर ई-वोटिंग भी करायी जायेगी. कंपनी के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन शेयरधारकों को संबोधित करेंगे, जबकि वाइस चेयरमैन नोएल टाटा भी मौजूद रहेंगे. इसके अलावा कंपनी के सभी निदेशकों की उपस्थिति रहेगी. एजीएम में टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष संजीव चौधरी टुन्नु, महासचिव सतीश सिंह, डिप्टी प्रेसिडेंट शैलेश सिंह समेत टाटा स्टील समूह की विभिन्न मान्यता प्राप्त यूनियनों के अध्यक्षों को भी आमंत्रित किया जायेगा. दूसरी ओर, टाटा स्टील में समायोजित टिनप्लेट और टाटा मेटालिक्स के शेयरधारकों को कहा गया है कि वे लोग अपने डिविडेंड की राशि की निकासी कर लें. अगर ऐसे शेयरधारक 29 सितंबर तक टिनप्लेट कंपनी और 30 सितंबर तक टाटा मेटालिक्स तक डिविडेंड का दावा नहीं करते हैं, तो इसको टाटा स्टील में समाहित कर दिया जायेगा. इसके बाद इसको अनक्लेम्ड डिविडेंड की राशि के लिए भारत सरकार के बनाये गये फंड में ट्रांसफर कर दिया जायेगा. (नीचे भी पढ़ें)
गौरतलब है कि टाटा मेटालिक्स कंपनी को 1 फरवरी 2024 को और टिनप्लेट कंपनी का 15 जनवरी 2024 को टाटा स्टील में समायोजित कर दिया गया है. टाटा स्टील ने टिनप्लेट और टाटा मेटालिक्स के सारे शेयरों को अपने में समायोजित कर लिया है. ऐसे में टाटा स्टील द्वारा एक सामान्य नोटिस जारी कर शेयरधारकों को अपने डिविडेंड की राशि का दावा करने का अंतिम डेडलाइन तय कर दिया है.







