Jamshedpur : बारिश के मौसम में जुगसलाई फाटक के पास जल-जमाव हो जाता है. इस कारण वहां दुर्घटना की स्तिथि बनी रहती है. विगत एक सप्ताह से बारिश के कारण जुगसलाई फाटक के पास स्थिति और खराब हो गई है. दोपहिया सवार दुर्घटनाग्रस्त हो रहे है. यह समस्या कोई नयी नहीं है, बल्कि पुरानी है. हालांकि पूर्व में जिला प्रसाशन के द्वारा पानी निकासी कर इसका समाधान किया गया था. पहले यहां एक नाला था, जिससे होकर पानी निकल जाता था. परंतु ओवर ब्रिज निर्माण के लिए अतिक्रमण हटाने के दौरान वह नाला क्षतिग्रस्त हो गया है. इसके कारण स्थिति और विकराल हो गई है.
इस बाबत जानकारी मिलने पर गुरुवार को भाजपा के जिला महामंत्री अनिल मोदी कार्यकर्ताओं के साथ फाटक पहुचें और जल-जमाव का निरीक्षण किया. उन्होंने तुरंत इसकी जानकारी दूरभाष पर उपायुक्त को दी और इसके स्थायी निदान का निवेदन किया. अनिल मोदी ने बताया कि उपायुक्त ने इसके निदान का भरोसा दिया है. उन्होंने यहां एक भूमिगत नाले का निर्माण कराने अथवा कोई और स्थायी व्यवस्था करने की मांग की है, ताकि इस समस्या का स्थायी समाधान हो सके. इस दौरान भाजपा मंडल अध्यक्ष प्रकाश जोशी, नागेन्द्र पांडेय, हन्नु जैन, प्रकाश अग्रवाल, आर्यन सोनकर एवं मोहित पांडेय उपस्थित थे.








