जमशेदपुर: जमशेदपुर के डिमना स्थित एमजीएम अस्पताल की सफाई व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में है. अस्पताल परिसर में पोस्टमार्टम हाउस के बगल में कॉलेज गेट के पास पिछले चार दिनों से कचरे का उठाव नहीं हुआ है. कचरा जमा रहने के कारण पूरे इलाके में तेज दुर्गंध फैल रही है. इससे वहां ड्यूटी करने वाले कर्मचारियों, अस्पताल कर्मियों के साथ-साथ इलाज के लिए आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. नियमित रूप से कचरे का उठाव नहीं होने से स्थिति लगातार गंभीर होती जा रही है. बताया जाता है कि अस्पताल की सफाई व्यवस्था का जिम्मा संभालने वाले ठेकेदार की ओर से नियमित सफाई नहीं कराई जा रही है. इसका नतीजा है कि अस्पताल परिसर में जगह-जगह गंदगी जमा हो रही है. खासकर पोस्टमार्टम हाउस के समीप कचरे का ढेर मरीजों और कर्मचारियों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है. अस्पताल जैसे संवेदनशील स्थान पर इस तरह की लापरवाही से संक्रमण फैलने की आशंका भी बनी हुई है. (नीचे भी पढ़ें)

सफाई व्यवस्था की बदहाली केवल कचरा उठाव तक सीमित नहीं है. अस्पताल के मुख्य गेट के समीप स्थित शौचालय में पानी की आपूर्ति करने वाला मोटर पिछले तीन माह से खराब पड़ा है. पानी की नियमित आपूर्ति नहीं होने के कारण शौचालय में गंदगी जमा हो रही है और उससे भी दुर्गंध फैल रही है. मुख्य गेट पर ड्यूटी करने वाले होमगार्ड जवानों को दिनभर इस दुर्गंध के बीच काम करना पड़ रहा है. अस्पताल आने-जाने वाले लोगों को भी इस समस्या से जूझना पड़ रहा है. (नीचे भी पढ़ें)
गौरतलब है कि अस्पताल परिसर में कचरे की समस्या को लेकर झारखंड मानवाधिकार सम्मेलन के मनोज मिश्रा ने पूर्व में जिला प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया था. उन्होंने इस मामले को डीसी तक पहुंचाने के साथ ही राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) में शिकायत करने की भी घोषणा की थी. इसके बावजूद स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं होना अस्पताल प्रबंधन की कार्यशैली पर सवाल खड़े करता है. कुल मिलाकर एमजीएम अस्पताल की स्थिति ऐसी है कि बाहर से परिसर भले ही चकाचक नजर आए, लेकिन चहारदीवारी के भीतर प्रवेश करते ही जगह-जगह फैली गंदगी और दुर्गंध से लोगों का सामना होता है. अस्पताल में रोजाना बड़ी संख्या में मरीज इलाज कराने पहुंचते हैं. ऐसे में सफाई व्यवस्था में इस तरह की लापरवाही न केवल मरीजों और कर्मचारियों के स्वास्थ्य के लिए चिंता का विषय है, बल्कि अस्पताल की छवि को भी प्रभावित कर रही है. जरूरत है कि अस्पताल एवं कॉलेज प्रबंधन तत्काल कचरे का उठाव सुनिश्चित कराए, शौचालय के खराब मोटर की मरम्मत कराए और सफाई व्यवस्था की नियमित निगरानी करे.












