
Ranchi : रांची के मोरहाबादी मैदान में पिछले सात दिनों से अपनी मांगों को लेकर आंदोलनरत अनुबंध सहायक पुलिसकर्मियों के सब्र का बांध शुक्रवार को टूट गया.अपनी मांगों को लेकर किसी तरह की वार्ता या उस पर पहल नहीं होता देख सहायक पुलिसकर्मी उग्र हो गये और मोरहाबादी मैदान में आंदोलन तेज कर दिया. वे राजभवन जाने के लिए बढ़ने लगे. वे राजभवन का घेराव करने की तैयारी में थे. राजभवन की ओर बढ़ने के दौरान रांची पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया. रांची पुलिस सहायक पुलिसकर्मियों को बैरिकेडिंग के अंदर ही रहने को कह रही थी. लेकिन सहायक पुलिसकर्मी मानने को तैयार नहीं थे. मना किये जाने के बावजूद उन्होंने बैरिकेडिंग को तोड़ दिया, जिस कारण उन्हें रोकने के लिए रांची पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा.

इससे सहायक पुलिसकर्मी और अधिक भड़क गये और उन्होंने रांची पुलिस पर पत्थरबाजी शुरू कर दी. इस दौरान रांची पुलिस के कई जवानों को चोटें आयी. वहीं कुछ सहायक पुलिसकर्मियों को भी चोटें आयी हैं. किसी के सिर, तो किसी के शरीर में गंभीर चोटें आयी हैं. सहायक पुलिसकर्मियों को रोकने के लिए रांची पुलिस को आंसू गैस के गोले भी छोड़ने पड़े, जिसे सहायक पुलिसकर्मी वापस रांची पुलिस की तरफ फेंक दे रहे थे. इसके बाद रांची के एसएसपी समेत अन्य पदाधिकारी मौके पर पहुंचे. साथ ही रैफ के जवानों को बुलाया गया. रैफ द्वारा खदेड़े जाने के बाद सहायक पुलिसकर्मी वापस धरनास्थल पर चले गये. वहीं घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया.







