
चाईबासा: जगन्नाथपुर पुलिस ने हाटगमहरिया -जैतगढ़ रोड स्थित नरसिंहपुर गांव के पास सड़क किनारे एक अज्ञात घायल व्यक्ति को रात 3 बजे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जगन्नाथपुर पहुंचा कर न सिर्फ अपना फर्ज निभाया बल्कि मानवता का भी परिचय दिया है. थाना प्रभारी मधुसूदन मोदक को बीती रात की मध्य रात्रि में सूचना मिली कि एक व्यक्ति जो किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आने के कारण घायल अवस्था मे सड़क किनारे पड़ा हुआ है. अगर तुरंत अस्पताल नही पहुंचाया गया तो घायल व्यक्ति की मृत्यु भी हो सकती है. उक्त सूचना पर थाना प्रभारी मोदक ने मानवता का परिचय दिया व त्वरित कार्रवाई करते हुए सअनि तारकनाथ सिंह, नंदकिशोर सिंह, दिलीप कुमार को सशस्त्र बल के साथ नरसिंहपुर गांव भेजा. जहां से पुलिस ने घायल व्यक्ति को अपनी गाड़ी में लेकर जगन्नाथपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज के भर्ती करवाया गया, जहां चिकित्सकों ने घायल के नाजुक हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिये उसे सदर अस्पताल चाईबासा भेज दिया. घायल व्यक्ति की पहचान नही हो पाई है. घायल व्यक्ति के उपचार के पश्चात ही अज्ञात वाहन के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.







