
बहरागोड़ा : अनुमंडल पदाधिकारी घाटशिला सत्यवीर रजक ने बुधवार को बहरागोड़ा के मुटुरखाम पंचायत का भ्रमण कर विकास योजनाओं का क्रियान्वयन का निरीक्षण किया. इस दौरान धोलाबेड़ा गांव में सुनाराम मुर्मू की जमीन पर मनरेगा के तहत चल रहे आम बागवानी योजना, सावना टुडू के जमीन पर ट्रेंच कटिंग योजना का निरीक्षण किया. साथ ही मुटुरखाम गांव में सुखलाल मार्डी के घर के सामने जल एवं स्वच्छता विभाग द्वारा निर्मित जलमीनार व आंगनबाड़ी केन्द्र का निरीक्षण किया. उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण 2020-21 में स्वीकृत तिलोक पातर और मीरा नायक के आवास निर्माण कार्य का निरीक्षण करते हुए ससमय आवास निर्माण कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया है. साथ ही वीनापाणी नायेक के लंबित आवास का निरीक्षण किया और निर्देश दिया कि जल्द से जल्द आवास का कार्य पूर्ण करें. इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी राजेश कुमार साहु, मुखिया लुगुराम मुर्मू, सहायक अभियंता सुमित कुमार, प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी बन्धु माहतो, कनीय अभियंता, पंचायत सचिव, रोजगार सेवक समेत अन्य उपस्थित थे.















