
चाकुलिया : चाकुलिया थाना क्षेत्र के भातकुंडा गांव के छह युवक मजदूरी करने के लिए बंगाल के खड़गपुर जा रहे थे. जाने के क्रम में सड़क दुर्घटना में दो युवकों की मौत हो गई और चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गये हैं. मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार को गांव के मोहन नायक, लाल मुर्मू, प्रकाश नायक, रूपा सबर, मिथुन सबर और अजय नायक सभी एक टेम्पो को रिजर्व कर बंगाल के गिधनी पहुंचे. सभी वहां से ठेकेदार द्वारा भेजे गये वाहन पर सवार होकर खड़गपुर जा रहे थे कि झाड़ग्राम-लोधाशोली के बीच कोलाबनी जंगल के पास मुख्य सड़क पर वाहन अनियंत्रित होकर पलट गई. (आगे की खबर नीचे पढ़ें)
इस सड़क दुर्घटना में मोहन नायक (19) और लाल मुर्मू (21) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. बाकी चार युवक गंभीर रूप से घायल बताये जाते हैं. सभी घायलों का उपचार बंगाल में किया जा रहा है. सड़क दुर्घटना की सूचना मिलने के बाद से मृतक के परिजनो का रो-रो कर बुरा हाल है. गांव में मातम छा गया है. देर शाम दोनों मृत युवकों का शव गांव पहुंचा. शव के गांव पहुंचते ही परिजनों की चीख-पुकार से गांव दहल उठा. सभी कि आंखे नम थीं. ग्रामीण परिजनों को संभालने में जुटे हुए हैं. मृतक मोहन नायक के पिता प्रफुल्ल नायक और मां कमला नायक, लाल मोहन मुर्मू के पिता हाजरा मुर्मू और मां पानमुनी मुर्मू का रो रो कर बुरा हाल है.














