
जमशेदपुर : जमशेदपुर के सिदगोड़ा स्थित सूर्य मंदिर कमेटी की एक बैठक मंदिर के संरक्षक चंद्रगुप्त सिंह की अध्यक्षता में छठ पर्व की तैयारी हेतु संपन्न हुई. बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि कोविड-19 को ध्यान में रखते हुए सरकार के दिशा-निर्देश के अनुसार सूर्य मंदिर परिसर में स्थित छठ घाट में छठ पर्व की तैयारी की जाएगी. जैसे ही सरकार का निर्देश प्राप्त होता है, कमिटी उसी के अनुसार त्योहार की तैयारी करेगी. छठ पर्व की तैयारी हेतु जमशेदपुर पूर्वी के विधायक सरयू राय द्वारा विगत 4 नवम्बर को भी सूर्य मंदिर स्थित छठ घाट का दौरा किया गया और घाट की साफ-सफाई हेतु सम्बंधित पदाधिकारी को दिशा-निर्देश भी दिया गया. इस बीच सरकार के दिशा-निर्देश के बिना पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने जनता में भ्रम की स्थिति पैदा की है कि 400 छठव्रती को कूपन द्वारा छठ पर्व करने की अनुमति दी जाएगी. यह आश्चर्य का विषय है कि जो व्यक्ति सरकार में नहीं है उसके बाद भी अपने मन से बिना सरकार के दिशा-निर्देश के यह कहना अपने आप में आपदा प्रबंधन विभाग को आइना दिखाना है. बैठक में उपायुक्त पूर्वी सिंहभूम, जमशेदपुर से मांग की गई है की ऐसे बड़बोले लोगों पर कार्रवाई होनी चाहिए जो समाज में भ्रम की स्थिति पैदा कर रहे हैं. बैठक में भाजमो के केन्द्रीय महासचिव संजीव आचार्य, जिला संयोजक रामनारायण शर्मा, जमशेदपुर पूर्वी के संयोजक अजय सिन्हा, हरेराम सिंह, सुधीर सिंह, ब्यूटी तिवारी, विजय नारायण, अशोक कुमार, वंदना नामता, राजेश झा, पुतुल सिंह, मृत्युंजय पांडे, सतीश गुप्ता, संतोष यादव, देवेंद्र सिंह मारवाह, प्रेमचंद, गणेश चंद्रा, संतोष, विकास कामत, गौतम धर, विजय राव सहित कमेटी के अन्य सदस्य उपस्थित थे. आपको बता दें कि वहां सूर्य मंदिर में रघुवर दास की कमेटी का शासन है और वहां की वहीं कमेटी हमेशा छठ पूजा कराती रही है, लेकिन अब चंद्रगुप्त सिंह की नयी हुंकार से मामला गर्माता नजर आ रहा है.















