जमशेदपुर : दीपावली के अवसर पर इया फाउंडेशन की ओर से आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र के 100 सफाई कर्मियों के बीच दीपावली किट का वितरण किया गया. कार्यक्रम का आयोजन आदित्यपुर के जयप्रकाश उद्यान हेवन टावर के सामने में किया गया. इस पहल का उद्देश्य शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने में अहम भूमिका निभाने वाले सफाई कर्मियों के प्रति सम्मान, आभार और कृतज्ञता व्यक्त करना था. दीपावली खुशियों, रोशनी और आपसी प्रेम का त्योहार है. इया फाउंडेशन का मानना है कि त्योहार की खुशियां समाज के हर वर्ग तक पहुंचनी चाहिए. इसी सोच के साथ संस्था ने उन कर्मयोगियों के साथ दीपावली मनाने की पहल की, जो प्रतिदिन कठिन परिस्थितियों में काम करके हमारे शहर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाए रखते हैं. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में आदित्यपुर नगर निगम के उपमहापौर अंकुर सिंह उपस्थित रहे. साथ ही वार्ड पार्षद नीतू शर्मा, मनोज मिश्रा, सरायकेला खरसावां के कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष मुकेश चौधरी, समाजसेवी ओमी राव, छोटू राम, मोंटी सिंह एवं जिला युवा राजद के अध्यक्ष उदित यादव की गरिमामयी उपस्थिति रही. (नीचे भी पढ़े)

सभी अतिथियों ने सफाई कर्मियों को दीपावली किट प्रदान कर उनका सम्मान किया तथा उनके योगदान की सराहना की. इस अवसर पर इया फाउंडेशन के संस्थापक दीपक मिश्रा ने कहा कि हमारे सफाई कर्मी शहर की स्वच्छता के असली कर्मयोगी हैं. उनके परिश्रम और समर्पण के कारण ही हमारा शहर स्वच्छ एवं सुंदर बना रहता है. दीपावली के अवसर पर उनके चेहरों पर मुस्कान लाना और उनके योगदान के प्रति सम्मान व्यक्त करना हमारी एक छोटी-सी कोशिश है. हमारा मानना है कि त्योहार की असली खुशी तभी है, जब हम अपनी खुशियाँ दूसरों के साथ बाँटें और समाज के प्रत्येक व्यक्ति को सम्मान दें. उन्होंने आगे कहा कि इया फाउंडेशन से जुड़े अधिकांश सदस्य टाटा स्टील में कार्यरत हैं. अपने कार्यक्षेत्र की जिम्मेदारियों के साथ-साथ ये सदस्य सामाजिक दायित्वों का भी पूरी निष्ठा से निर्वहन करते हैं. संस्था समय-समय पर रक्तदान शिविर, शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण और जरूरतमंदों की सहायता जैसे सामाजिक कार्यों के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास करती रही है. कार्यक्रम को सफल बनाने में इया फाउंडेशन के सदस्यों सुमित सुमन, राहुल सिंह (चिक्कू), बंटी सिंह, जीतू सिंह, अफरोज, आनंद, अंकित सिंह, अनुराग तिवारी, बलदेव सिंह, अरुण एवं अभिषेक झा सहित अन्य सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा. इया फाउंडेशन ने सभी सफाई कर्मियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज के विकास में योगदान देने वाला प्रत्येक व्यक्ति सम्मान का हकदार है. संस्था भविष्य में भी सेवा, सहयोग और सामाजिक समर्पण की भावना के साथ ऐसे कार्यक्रम आयोजित करती रहेगी.












