जमशेदपुर : झारखंड के तीन सार्वजनिक स्वास्थ्य केंद्रों को राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक के तहत राष्ट्रीय स्तर पर गुणवत्ता प्रमाणन प्रदान किया गया है. इनमें पूर्वी सिंहभूम जिले का आयुष्मान आरोग्य मंदिर, शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, राम जानम नगर भी शामिल है. इस स्वास्थ्य केंद्र ने राष्ट्रीय स्तर पर बाहरी मूल्यांकन में 85.07 प्रतिशत अंक हासिल कर गुणवत्ता प्रमाणन प्राप्त किया है. जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त की है. उन्होंने कहा कि राम जानम नगर शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को मिला यह प्रमाणन जिले की सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवाओं के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है. राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, झारखंड के मिशन निदेशक को भेजे गए आधिकारिक पत्र में दी गई जानकारी के अनुसार, तीनों स्वास्थ्य केंद्रों का मूल्यांकन अधिकृत बाहरी मूल्यांकनकर्ताओं की टीम ने किया था. इसमें सभी केंद्र निर्धारित गुणवत्ता मानदंडों पर खरे उतरे. (नीचे भी पढ़े)
मूल्यांकन में गोड्डा जिले के आयुष्मान आरोग्य मंदिर, स्वास्थ्य उपकेंद्र लाठी को 85.91 प्रतिशत तथा रांची जिले के आयुष्मान आरोग्य मंदिर, स्वास्थ्य उपकेंद्र कांके को सर्वाधिक 91.94 प्रतिशत अंक मिले. वहीं रामजनम नगर शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को 85.07 प्रतिशत अंक प्राप्त हुए. राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक के तहत स्वास्थ्य केंद्रों में उपलब्ध चिकित्सा सेवाओं, मरीजों की सुविधाओं और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता का आकलन किया जाता है. प्रमाणन मिलने के बाद भी इन केंद्रों को मूल्यांकन में सुझाए गए सुधार के बिंदुओं पर काम करना होगा. इसके लिए कार्ययोजना बनाकर राज्य गुणवत्ता आश्वासन इकाई को सौंपनी होगी. राज्य गुणवत्ता आश्वासन इकाई निगरानी जांच के माध्यम से किए गए सुधारों का सत्यापन करेगी और इसकी रिपोर्ट राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्रणाली संसाधन केंद्र को भेजेगी.












