
जमशेदपुर : झारखंड विधानसभा के सत्तारूढ़ दल के सचेतक सह जुगसलाई विधायक मंगल कालिंदी ने बुधवार को मुख्यमंत्री से उनके आवास में मुलाकात की और आस्था का महापर्व छठ पूजा हेतु संपूर्ण राज्य मे विशेष व्यवस्था कराने के संबंध में उन्हें ज्ञापन सौंपा. विधायक ने ज्ञापन में लिखा की आस्था का महापर्व प्रकृति की सबसे बड़ी पूजा है, जिसे संपूर्ण देश के करोड़ों लोग बड़ी आस्था के साथ मनाते हैं और अपने राज्य में भी लोगों की आस्था इससे जुड़ी हुई है. छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं के लिए नदी घाटों की सफाई के साथ-साथ जगह-जगह पर छोटे-छोटे अस्थायी घाट के निर्माण से सोशल डिस्टेंसिंग का भी अनुपालन होगा एवं कोविड-19 जैसी महामारी से लोगों के जानमाल की रक्षा हो सकेगी. श्री कालिंदी ने आग्रह किया कि महापर्व छठ को ध्यान में रखते हुए आप अपने स्तर से सभी उपायुक्तों एवं प्रशासनिक पदाधिकारियों के संबंध में अनुपालन हेतु आदेश देने का कष्ट करना चाहेंगे, जिससे लोगों की जान-माल की रक्षा हो सके और लोग इस महापर्व को श्रद्धा के साथ मना सकें.














