
आदित्यपुर : सरायकेला- खरसावां जिला के आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र स्थित आदित्यपुर शहरी स्वास्थ्य केंद्र इन दिनों नरक में तब्दील है. ऐसा इस तस्वीर को देखकर आप साफ समझ सकते हैं. जहां आप साफ़ देख सकते हैं कि शहरी स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचने का रास्ता पूरी तरह से बंद हो चुका है. यहां तक कि सड़क पर दुकानदारों ने अतिक्रमण कर लिया है. इसके अलावा पूरे क्षेत्र के सीवरेज का गंदा पानी सड़क पर बह रहा है. ऐसे में आप समझ सकते हैं, कि अस्पताल में इलाज करा रहे मरीजों की क्या स्थिति हो रही होगी. वैसे इसके लिए जिम्मेदार आदित्यपुर नगर निगम है. क्योंकि पूरे आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र में इन दिनों सीवरेज- ड्रेनेज सिस्टम का काम चल रहा है. जहां लगभग सभी सड़कों पर संवेदक द्वारा गड्ढे खोदकर छोड़ दिए गए हैं. आलम ये है कि पूरे आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र में जहां-तहां सड़क खुदाई का काम चल रहा है. वहीं आम जनता सड़क से उड़ने वाले धूल फांकने को विवश है, तो अस्पताल पहुंचने वाले मरीज गंदगी में इलाज कराने को विवश हैं. आलम ये है कि प्रसव पीड़ा से परेशान महिलाओं को अस्पताल तक लाने ले जाने के लिए भी सड़क पर इंच भर जगह नहीं छोड़ा गया है. इसके लिए जिम्मेदार कौन है और इतने गंभीर विषय पर नगर निगम और स्वास्थ्य विभाग क्यों गंभीर नहीं है. यह भी गंभीर विषय है. (आगे की खबर नीचे पढ़ें)
बताया जा रहा है कि इस समस्या के कारण प्रसव पीड़ा से परेशान दो- दो महिलाओं ने अस्पताल पहुंचने से पहले सड़क पर ही बच्चे को जन्म दे दिया. अस्पताल प्रशासन की ओर से नगर निगम, थाना और विभाग के बड़े अधिकारियों को भी लिखित दिए जाने की बात कही गई है, बावजूद इसके पिछले एक पखवाड़े से अस्पताल पहुंचने का मार्ग पूरी तरह से अवरुद्ध हो चुका है. और सीवरेज का गंदा पानी अस्पताल के आगे से बह रहा है. वही बाजार मास्टर का कहना है, कि सब्जी विक्रेता जिला प्रशासन के आदेशों की अनदेखी कर जबरन यहां दुकान लगा रहे हैं. उन्होंने बताया, कि आदित्यपुर थाना की ओर से इसको लेकर दुकानदारों को कई बार चेतावनी भी दिया जा चुका है. बावजूद इसके दुकानदार मानने को तैयार नहीं है. वहीं जन कल्याण मोर्चा के संरक्षक ओमप्रकाश ने भी इस मुद्दे को जोर-शोर से उठाया है और आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र में काम करा रहे सभी संवेदको को साफ तौर पर हिदायत देते हुए कहा है, कि अगर वे आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र में हो रहे कामों को जल्द पूरा नहीं करते हैं, तो उनके खिलाफ मजबूरन वे कानून का सहारा लेंगे. हालांकि उन्होंने आदित्यपुर थाना प्रभारी से मुलाकात कर ठेकेदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग उठाई है.














