
धालभूमगढ़ : धालभूमगढ़ प्रखंड सभागार में निदेशक एनईपी ज्योत्सना सिंह और प्रखंड विकास पदाधिकारी शालिनी खलखो ने फोटोयुक्त मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण -2021 को लेकर बीएलओ और सुपरवाईजर के साथ बैठक की. निदेशक एनईपी ने कहा कि 18 एवं 19 वर्ष के आयु वर्ग के मतदाताओं के पंजीकरण पर विशेष ध्यान दिया जाए. उन्होंने कहा कि मतदान करने के लिए मतदाता सूची में नाम होना आवश्यक है. कई बार ईपिक होता है लेकिन मतदाता का नाम मतदाता सूची में नहीं होने के कारण वह अपने मताधिकार का प्रयोग नहीं कर पाते हैं, इसलिए इस पुनरीक्षण अवधि में इसका सुधार करना सुनिश्चित करें.
सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी ने सभी बीएलओ को दिव्यांग मतदाताओं को चिन्हित करते हुए उनका पंजीकरण सुनिश्चित करने को कहा. मृतक के नाम मतदाता सूची से हटाने और रिपिट डुप्लीकेट एपिक की पहचान करते हुए विलोपन की कार्रवाई ससमय पूरा करने के निर्देश दिया है. बैठक में उपस्थित सदस्यों को विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम 2021 की विस्तृत जानकारी दी गई. बताया कि पुनरीक्षण कार्य 10 अगस्त से ही शुरू होगा, जो 15 जनवरी 2021 को समाप्त होगा. 16 नवंबर को मतदाता सूची का ड्राफ्ट प्रकाशित किया जाएगा. दावा आपत्ति 15 दिसंबर तक और उसका निष्पादन 05 जनवरी 2021 तक किया जाएगा. इस बीच चार दिवसीय विशेष शिविर का आयोजन किया जाएगा. जिस दिन सभी बूथों पर बूथ लेवल आफिसर (बीएलओ) उपस्थित रहेंगे. वह चार दिन 28 एवं 29 नवंबर, 05 एवं 06 दिसंबर है. मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 15 जनवरी 2021 को होगा. मतदाता सूची में नया नाम जोड़ने, हटाने एवं स्थानांतरण करने के लिए विभिन्न प्रपत्रों की विस्तृत जानकारी दी गई है.














