
जमशेदपुर : धनतेरस को लेकर शहर में बाजार एक दिन पहले से ही सज गये हैं. गुरुवार की सुबह से ही लोग बाजार का रुख कर रहे हैं. साकची समेत अन्य बाजारों में आलम यह है कि पैर तक रखने की जगह नहीं है. प्रशासन कहता है कि दो गज दूरी मास्क है जरूरी. पर यहां तो लोग दो गज दूरी तो रख नहीं रहे हैं साथ ही कई लोग मास्क तक नहीं पहन रहे है. जमशेदपुर में त्योहारी सीजन में शायद लोग कोरोना जैसी गंभीर बीमारी को भूल गए हैं. बाजारों में सोशल डिस्टेंसिंग की धज्जियां उड़ रही हैं. (आगे की खबर नीचे पढ़ें)

धनतेरस के त्योहार के मद्देनजर सुबह से ही बाजार में लोग उमड़ने लगे. बर्तन, आभूषण, इलेक्ट्रॉनिक्स समेत अन्य शहर के बाजारों व दुकानों में ग्राहकों की भीड़ व ग्राहकी तेज रही. सड़क से लेकर दुकानों तक भीड़ व जगह-जगह सड़क जाम की स्थिति देखी गयी. लेकिन इन सबके बीच कोरोना के मद्देनजर सोशल डिस्टेंसिंग नदारद रही. एक ओर जिला प्रसाशन की ओर से कोविड-19 को लेकर बाजार जाने वालों और दुकानदारों के लिए कड़े नियम बनाए गए हैं, वहीं दूसरी ओर बाजार में लोग इस नियम से बेपरवाह नजर आये है. (आगे की खबर नीचे पढ़ें)

बाजारों में खचाखच भीड़ हो रही है. लेकिन मौजूदा परिस्थिति को देखते हुए प्रतीत होता है कि प्रसाशन द्वारा बनाए गए नियम बस कागजों तक ही सिमट कर रह जाते हैं. इन्हे सख्ती से पालन करवाने वाला कोई भी नहीं है. न तो कोई अधिकारी सड़कों पर नजर आया और न ही लोग इस नियम को मान रहे हैं. कहीं ऐसा न हो कि त्योहरी सीजन में कोरोना फिर से अपना असर दिखाने लगे.














