
जमशेदपुर : जमशेदपुर के गोविंदपुर स्थित स्टील स्ट्रीप व्हील्स कंपनी का विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है. पिछले एक पखवाड़े से यहां के मजदूर वेतन, पीएफ, इएसआईसी व अन्य मदों में काटे गए पैसों के भुगतान की मांग को लेकर आंदोलित हैं. वैसे आज सभी आंदोलित कर्मचारियों को उप श्रम आयुक्त के कार्यालय में त्रिपक्षीय वार्ता के लिए बुलाया गया था, लेकिन कंपनी प्रबंधन की ओर से वार्ता में शामिल होने कोई नहीं पहुंचा.
इसको लेकर मजदूरों ने सीतारामडेरा स्थित डीएलसी कार्यालय पर जमकर बवाल काटा. वही मजदूरों ने बताया कि डीएलसी द्वारा कंपनी प्रबंधन को फटकार लगाई गई है. साथ ही मजदूरों ने साफ़ कर दिया है कि उनका आंदोलन जारी रहेगा. इस वार्ता में मजदूरों के सारे प्रतिनिधि व मजदूर पहुंच गये थे, लेकिन प्रबंधन के लोग नहीं आये. इसके बाद मजदूरों ने जमकर नारेबाजी की. सारे लोगों ने हंगामा किया और नारेबाजी की. इन लोगों ने मांग की है कि स्टील स्ट्रिप्स कंपनी के मजदूर विरोधी नीतियों का हर स्तर पर विरोध किया जाये. इसको लेकर वे लोग किसी भी हद तक जा सकते है.













