
जमशेदपुर : जिला प्रशासन, रेड क्रॉस एवं जमशेदपुर ब्लड बैंक के संयुक्त प्रयास से चलाये जा रहे प्लाज्मा डोनेशन अभियान में आज यह आंकड़ा 200 के पार पहुंच गया है। कोरोना प्रभावित मरीजों को प्लाज्मा उपलब्ध कराने के उदेद्शय से शुरु हुआ यह अभियान जमशेदपुर में अब भी जरूरतमंद लोगों के काम आ रहा है। आज इस अभियान में टाटा स्टील के सुमन चक्रवर्ती, जो कि तीसरी बार अपना प्लाज्मा डोनेशन किये एवं प्लाज्मा से पूर्व उन्होने 16 बार अपना रक्तदान भी नियमित रक्तदाता के रूप में किया है, उसी कड़ी में टाटा स्टील के राजेश सतदेव ने भी आज अपना प्लाज्मा डोनेट किया, उन्होने चौथी बार अपना प्लाज्मा डोनेट किया। इन दोनों योद्धाओं को रेड क्रॉस सोसाईटी, पूर्वी सिंहभूम के मानद सचिव विजय कुमार सिंह, जमशेदपुर ब्लड बैंक के प्रशासक संजय चौधरी, रेड क्रॉस सोसाईटी के एसडीपी एवं प्लाज्मा डोनर प्रभारी प्रभुनाथ सिंह, समाजसेवी सत्यनारायण अग्रवाल एवं यूनियन कमिटी मेम्बर संजीव तिवारी एवं भानु पौलिन ने सम्मानित किया तथा पीड़ित मानवता की सेवा के लिए उनके योगदान को सराहा। (नीचे भी पढ़ें)

593वां नेत्र शिविर कल से
भारतीय रेड क्रॉस सोसाईटी, पूर्वी सिंहभूम, राम मनोहर लोहिया नेत्रालय द्वारा चिमनलाल भालोटिया सेवा संस्थान, राजस्थान सेवा सदन तथा जिला ग्रामीण स्वास्थ्य समिति के सहयोग से 593वां नेत्र शिविर शऩिवार 26 दिसम्बर से 28 दिसम्बर तक स्व. मधु अग्रवाल के पुण्य स्मृति में उनके पति सोनारी निवासी महेश अग्रवाल के संयोजन में बागबेड़ा थाना चौक स्थित राम मनोहर लोहिया नेत्रालय में आयोजित किया जायेगा। 26 दिसम्बर शनिवार को नेत्र रोगियों के रजिस्ट्रेशन के पश्चात नेत्र रोगियों के आंखों की जांच की जायेगी तथा मोतियाबिन्द ग्रस्त ऑपरेशन के लिए उपयुक्त मरीजों के चयन के साथ ही आंखों की अन्य बीमारियों के सम्बन्ध में चिकित्सीय परामर्श व जरूरत के अनुसार दवा प्रदान कर ओपीडी सेवा योग्य मरीजों को विदा कर दिया जायेगा, जिन नेत्र रोगियों का चयन ऑपरेशन के लिए हुआ, वैसे मरीजों के आवश्यक स्वास्थ्य जांच के बाद उन्हें शिविर में भर्ती ले लिया जायेगा। 27 दिसम्बर रविवार को इन नेत्र रोगियों का ऑपरेशन एवं लेंस प्रत्यारोपण नेत्र चिकित्सक डॉ. बी. पी. सिंह, डॉ. पूनम सिंह, डॉ. विवेक केडिया एवं उनके सहयोगी टीम द्वारा किया जायेगा। 28 दिसम्बर को ऑपरेशन कराये नेत्र रोगियों की चश्मा व दवा के साथ विदाई की जायेगी। उक्त जानकारी रेड क्रॉस सोसाईटी के मानद सचिव विजय कुमार सिंह ने प्रदान की।






