
जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो डिमना चौक स्थित ट्रांसपोर्टर देव प्रकाश राय पर एग्रिको निवासी संजय कुमार अग्रवाल ने अमानत में ख़यानत करने का आरोप लगाते हुए सीतारामडेरा थाना में न्यायालय परिवाद दर्ज कराया है. संजय ने देव प्रकाश पर आरोप लगाया कि नवंबर 2015 से मार्च 2016 के बीच 8 से 10 लाख रुपए की ठगी की है. उन्होंने अपना ट्रक देव प्रकाश को चलवाने के लिए दिया था. (अगली खबर नीचे पढ़ें)
गैस रिसाव से घर में लगी आग, महिला जली
गोलमुरी केबुल बस्ती लाइन नंबर 3 निवासी नमिता देवी शुक्रवार को गैस चूल्हा जलाने के दौरान आग लगने से झुलस गई. चिल्लाने की आवाज़ सुनकर पड़ोस में रहने वाली अनीता देवी नमिता को बचाने पहुंची तो वो भी आग की चपेट में आकर झुलस गई. परिजनों ने दोनों को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया, जहां दोनों का इलाज किया जा रहा है. नमिता ने बताया कि आज ही गैस का कनेक्शन लिया था. नए कनेक्शन से गैस का रिसाव हो रहा था, इसी दौरान गैस जलाने में आग लग गई. (अगली खबर नीचे पढ़ें)
परसुडीह में जमीन को लेकर विवाद के बाद मारपीट
परसुडीह थाना अंतर्गत मकदमपुर निवासी मो काजी पर बबलू सरदार ने जमीन विवाद को लेकर मारपीट कर घायल कर दिया. मो काजी को इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज किया जा रहा है. इस मामले में परसुडीह थाना में लिखित शिकायत की गई है. (अगली खबर नीचे पढ़ें)
मानगो में झगड़े का बदला लेने के लिए युवक के घर पर किया पथराव, कार में तोड़फोड़
उलीडीह थाना अंतर्गत पायल सिनेमा के पीछे असामाजिक तत्वों ने पार्थो के घर पर पथराव कर दिया, घर के बाहर रखे कार पर भी तोड़फोड़ की गई. युवकों ने घर की महिलाओं के साथ भी मारपीट की. इधर घटना की सूचना मिलने पर उलीडीह थाना की पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस को देखते ही युवक मौके से फरार हो गए. मिली जानकारी के अनुसार घटना के थोड़े से पहले ही पार्थो के साथ युवकों की झड़प हुई थी. जब वह अपने घर आया तो पीछे-पीछे युवक भी घर पहुंच गए. स्थानीय लोगों के अनुसार युवक पड़ोस की बस्ती के ही हैं.






