
जमशेदपुर : ब्लड बैंक, रोटी बैंक, आई बैंक के तर्ज पर जमशेदपुर में अब कंबल बैंक की शुरुआत की गई है. बुधवार को जिले के उपायुक्त सूरज कुमार ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि इस बैंक में कार्पोरेट सीएसआर के तहत कंबल दान कर सकते हैं. साथ ही जो भी गरीबों को जिला प्रशासन के माध्यम से सहयोग के रूप में कंबल देना चाहते हैं वे इस बैंक में कंबल दान कर सकते हैं. इसके लिए शहर में दो जगहों पर कलेक्शन सेंटर बनाए गए हैं. एक तो जिला मुख्यालय में और दूसरा धालभूम एसडीओ कार्यालय में. वहीं जिले के उपायुक्त ने बताया कि सरकार की ओर से जिले के शहरी एवं ग्रामीण इलाकों के लिए 55 हजार कंबल दिए गए हैं. जिसे सांसद, विधायक और मुखिया के माध्यम से जरूरतमंदों तक पहुंचाया जा रहा है. इसके अलावा बढ़ते ठंड को देखते हुए चौक-चौराहों पर अलाव की भी व्यवस्था की गई है.














