
रांची : झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के काफिले पर हमले और ओरमांझी में हुए हत्याकांड के बाद राजधानी रांची पुलिस की हर जगह फजीहत हो रही है. मामले की गंभीरता को देखते हुए डीजीपी एमवी राव रांची एसएसपी सहित जिले के सभी थानेदारों के साथ बैठक कर उन्हें हर हाल में राजधानी में लॉ एंड ऑर्डर की स्थिति को बहाल करने का निर्देश दिया है. वहीं, डीजीपी ने सीएम के काफिले पर हुए हमले को लेकर रांची के कोतवाली और सुखदेव नगर थाना प्रभारी को सस्पेंड कर दिया है. राजधानी में कानून व्यवस्था की बिगड़ती स्थिति और सीएम के काफिले पर हुए हमले के बाद झारखंड के डीजीपी एमवी राव बेहद नाराज हैं. मंगलवार को अपनी नाराजगी को जाहिर करते हुए डीजीपी ने कानून हाथ में लेने वाले लोगों को हाथ पैर तोड़ देने की भी बात कही थी. बुधवार को रांची एसएसपी कार्यालय हुई मीटिंग में डीजीपी ने सीएम के काफिले पर हुए हमले को लेकर कोतवाली और सुखदेवनगर थाना प्रभारी पर अपना गुस्सा जाहिर करते हुए उनपर कार्रवाई की बात कही. थानेदारों को डीजीपी ने स्पष्ट कहा कि वे बेहतर पुलिसिंग करें नहीं तो उन्हें हटा दिया जाएगा. डीजीपी के साथ मीटिंग में एडीजी स्पेशल ब्रांच मुरारीलाल मीणा, आइजी एचआर, एसएसपी रांची सहित शहर के सभी थानेदार मौजूद थे. मीटिंग के दौरान डीजीपी ने यह आदेश भी दिया है कि राजधानी में तीन साल से जमे सभी पुलिस अधिकारियों का जल्द तबादला किया जाए.














