
जमशेदपुर/रांची : कोविड-19 महामारी के बीच बर्ड फ्लू ने कई राज्यों में अपना कहर दिखाना शुरू कर दिया है. इसी कड़ी में झारखंड के जमशेदपुर में पांच कौओं की मौत हो गई है, हालांकि कौओं की मौत कैसे हुई है, इसकी अभी पुष्टि नहीं हुई है. झारखंड सरकार के कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री बादल पत्रलेख ने जमशेदपुर में हुए कौओं की मौत पर जांच के निर्देश दिये. कृषि मंत्री को जैसे ही जानकारी मिली कि जमशेदपुर में 5 कौओं की मौत हुई है, उन्होंने तुरंत पशुपालन निदेशक को जांच के निर्देश दिए. मंत्री बादल पत्रलेख ने कहा कि टास्क फोर्स की टीम घटनास्थल पर गई थी. जिला पशुपालन पदाधिकारी ने जानकारी दी है कि कौओं की मृत्यु हुई है, जिसे रांची स्थित एलआरएस लैब में लाया जा रहा है. जांच के बाद ही पता चल पाएगा कि बर्ड फ्लू से मौत हुई है या नहीं. वैसे एहतियात के तौर पर पूरे राज्य स्तर पर अलर्ट जारी कर दिए गए हैं. 2 दिन पहले ही पदाधिकारी को निर्देश दिए गए थे कि एहतियात बरते जाएं. कृषि मंत्री बादल पत्रलेख ने कहा है कि निदेशक पशुपालन की ओर से निर्देश जारी किए गए हैं कि झारखंड के सभी जिलों में निगरानी बढ़ा दी जाए. झारखंड के सभी जिले से प्रत्येक माह बर्ड फ्लू का नमूना निदेशक पशु स्वास्थ्य एवं उत्पादन संस्थान कांके रांची को भेजना सुनिश्चित किया जाए. दूसरी ओर, रांची स्थित लैब में कौओं के शव की पैकेजिंग कर भेज दिया गया है. वह वहां पहुंच गया, जहां प्रारंभिक जांच के बाद फिर से उसके सैंपल को जांच के लिए पुणे भेजा जायेगा, जहां वायरॉलॉजी विभाग की ओर से जांच किया जायेगा. इस बीच जमशेदपुर में हाई अलर्ट कर दिया गया है. सभी तरह के जानवरों की मौत की जानकारी ली जा रही है. जमशेदपुर के पशुपालन पदाधिकारी डॉ सुनील कुमार सिन्हा ने बताया कि अभी रिपोर्टिंग मंगायी जा रही है. रिपोर्ट आने के बाद इस दिशा में और तेजी आयेगी. हम लोग पूरी तरह अलर्ट पर है.














