
जमशेदपुर : जमशेदपुर के घाघीडीह सेंट्रल जेल के पास बुधवार की देर शाम एक तेज़ रफ़्तार कार ने स्कूटी में टक्कर मार दी. इस टक्कर में स्कूटी सवार पति, पत्नी और एक बच्ची घायल हो गए. घटना के बाद कार सड़क किनारे नाले में जा गिरी. इधर घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां से सभी को टीएमएच रेफर कर दिया गया. घायलों मे नागाडीह निवासी चंदन हांसदा, उनकी पत्नी और बेटी शामिल हैं. सभी का इलाज टीएमएच में चल रहा है. मिली जानकारी के अनुसार तीनों एक स्कूटी पर सवार होकर अपने गांव जा रहे थे. घाघीडीह के पास सामने से आ रही एक तेज़ रफ़्तार कार ने उन्हे टक्कर मार दी. पुलिस कार को जब्त कर थाना ले जाने की तैयारी कर रही है.





