
आदित्यपुर : आदित्यपुर की सामाजिक एवं धार्मिक संस्था मिथिला संकीर्तन मंडली धाम पर रविवार को विश्व हिंदू परिषद के सदस्य पहुंचे और श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के लिए धन संग्रह अभियान में हिस्सा लेने की अपील की. इस मौके पर जिलाध्यक्ष राजू चौधरी ने मौके पर मौजूद मंडली के सदस्यों का आह्वान करते हुए हिंदुत्व की रक्षा के लिए आगे आने की अपील की. उन्होंने धन संग्रह से अधिक जन संग्रह को महत्व देने की अपील की. श्री चौधरी ने अयोध्या को हिंदुओं की आस्था का केंद्र बताता और कहा सदियों संघर्ष के बाद देश को प्रभु श्री राम की सेवा का अवसर मिला है. उन्होंने हर हिन्दू से सम्पर्क कर इस अभियान से जुड़ने की अपील की. इससे पूर्व मंडली की ओर से अध्यक्ष रंजीत नारायण मिश्र ने पारंपरिक तरीके से पाग और शॉल ओढ़ाकर राजू चौधरी का स्वागत किया. इस मौके पर संजय चौरसिया और वार्ड 22 के पार्षद सुधीर कुमार सिंह का भी मंडली ने पारंपरिक तरीके से स्वागत किया. वहीं मंडली के सदस्यों ने श्री चौधरी को तन- मन और धन के बाद सहयोग का भरोसा दिलाया. अध्यक्ष रंजीत नारायण मिश्र ने एक- एक मैथिली समाज के सदस्यों को इस अभियान में जोड़ने का भरोसा दिलाया. इस दौरान सनोज ठाकुर, अशोक मिश्र, राजेश रंजन, पंकज मिश्र, लक्ष्मण झा, सुमन झा, निर्मल खां आदि ने श्री राम भजन प्रस्तुत कर जबरदस्त समा बांधा.





