
जमशेदपुर : आदित्यपुर आवासीय क्षेत्र सहित जमशेदपुर के कंपनी इलाकों में बिजली संकट गहरा गया है. पिछले एक हफ्ते से बिजली की आंख मिचौली से उपभोक्ता बेहाल हैं. इस संबंध में विभागीय अधिकारियों ने बताया कि टीवीएनएल की 3 इकाइयों में तकनीकी खराबी आयी है, जिससे ग्रिड को 15 में से महज 6 एमवीए बिजली ही मिल रही है. जिसे जमशेदपुर और सरायकेला के गैर कंपनी इलाकों में सप्लाई देना पड़ रहा है, ऐसे में लोड शेडिंग करना मजबूरी है. उन्होंने यह भी बताया कि आने वाले दिनों में यह संकट और गहरा सकते हैं. इधर अनियमित विद्युत आपूर्ति के कारण आम उपभोक्ताओं को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. हर आधे घंटे एक घंटे के दरमियान लोड शेडिंग से विद्युत उपकरणों पर भी प्रभाव पड़ रहा है. पेयजल आपूर्ति पर भी इसका प्रभाव देखा जा रहा है घरों में मोटर लगाकर पानी लेने वाले उपभोक्ताओं को भी बिजली के भरोसे ही दिनचर्या बदलनी पड़ रही है.












