
जमशेदपुर : पहले जमशेदपुर और बीती रात आदित्यपुर में एक युवती के साथ चलती ऑटो में छेड़छाड़ की घटना के बाद युवती द्वारा चलती ऑटो से छलांग लगाए जाने की घटना के बाद सरायकेला- खरसावां पुलिस एक्शन में नजर आ रही है. शुक्रवार को सरायकेला ट्रैफिक पुलिस की ओर से खरकाई चेक पोस्ट के समीप ऑटो जांच अभियान चलाया गया. इस क्रम में पुलिस की ओर से सभी ऑटो चालकों के कागजात की जांच की गई. साथ ही चालकों का मोबाइल नंबर भी लिया गया. इसके अलावा चालक के लाइसेंस से उनका मिलान भी किया गया. (नीचे भी पढ़ें)
इस संबंध में जानकारी देते हुए ट्रैफिक प्रभारी सुषमा कुमारी ने बताया, कि सुरक्षा के दृष्टिकोण से यह अभियान चलाया जा रहा है. उन्होंने बताया कि कागजात वेरिफिकेशन और चालकों के साथ लाइसेंस का भी मिलान किया जा रहा है. साथ ही चालकों के मोबाइल नंबर लिए जा रहे हैं, ताकि किसी अनहोनी की सूरत में चालक से संपर्क किया जा सके. वैसे इस औचक जांच के बाद ऑटो चालकों में हड़कंप देखा गया. ट्रैफिक प्रभारी ने लगातार यह अभियान जारी रखने की बात कही.














