
सरायकेला : सरायकेला में लगे साप्ताहिक हाट में देर शाम जड़ी-बूटी बेचने वाला राजेश बड़ाईक ने नशे की हालत में अपनी पत्नी चांदमूनी बड़ाईक को पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया. घटना के संबंध में बताया जाता है, कि चाईबासा निवासी उक्त दोनों पति-पत्नी साप्ताहिक हाट में जड़ी बूटी बेचने का काम किया करते हैं. इसी क्रम में शुक्रवार को सरायकेला में लगे साप्ताहिक हाट में राजेश ने काफी मात्रा में शराब पी लिया. जिसका विरोध चांदमुनि द्वारा किए जाने पर राजेश ने उसकी बुरी तरह पिटाई कर दी. घटना के बाद घायल चांदमुनि को इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया. जहां इलाज के बाद चिकित्सकों ने चांदमुनि की स्थिति को स्थिर बताया है. घटना के बाद सदर अस्पताल पहुंची सरायकेला पुलिस ने मामले की जानकारी लेते हुए छानबीन शुरू कर दी है.












