
जमशेदपुर : झारखंड मुक्ति मोर्चा जमशेदपुर प्रखंड कमेटी की ओर से टाटानगर आरपीएफ पोस्ट में पदस्थापित महिला कॉन्स्टेबल को उनके द्वारा किए गए कार्य की सराहना करते हुए सम्मानित किया गया. इस दौरान कमेटी के सदस्यों के साथ आरपीएफ के अधिकारी भी उपस्थित थे. उल्लेखनीय है कि विगत दिनों टाटानगर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म पर उत्कल एक्सप्रेस के खुलने पर चलती ट्रेन से उतरने के दौरान एक महिला एक पुरूष से टकरा गई और प्लेटफार्म पर ट्रेन के किनारे ही गिर गई, जहां ड्यूटी में तैनात महिला कॉन्स्टेबल सुपर्णा मंडल और ट्रेन में स्कॉर्ट में मौजूद महिला कांस्टेबल सोनम यादव ने अपनी जान की बाजी लगाकर महिला को मौत के मुंह से बाहर निकाला. उनके इस साहसिक कार्य की सराहना करते हुए झारखंड मुक्ति मोर्चा जमशेदपुर प्रखंड कमेटी की ओर से महिला कॉन्स्टेबल सुपर्णा मंडल को पुष्पगुच्छ भेंट कर और शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया. इस दौरान पोस्ट के ओसी सुधीर कुमार को भी सम्मानित किया गया. वही जमशेदपुर प्रखंड अध्यक्ष बहादुर किस्कू ने बताया कि महिला कांस्टेबल के द्वारा किया गया कार्य अपने आप में सराहनीय है. उनके इस जज्बे को पूरा देश सलाम कर रहा है.












