
जमशेदपुर: जमशेदपुर के मानगो पुलिस ने मोबाइल चोरी करने वाले रफीक अंसारी को गिरफ्तार किया है. रफीक की निशानदेही में पुलिस ने वारिस अली और रहमत आलम को गिरफ्तार किया है. रफीक द्वारा मोबाइल की चोरी कर उसे मानगो के मोबाइल दुकान में वारिस को बेचा गया था. वारिस ने मोबाइल को साकची संजय मार्केट में रहमत आलम से तोड़वाया था. बुधवार को पुलिस ने सभी को जेल भेज दिया. घटना के संबंध में मानगो थाना प्रभारी विनय कुमार ने बताया कि 29 मार्च को सहारा सिटी निवासी नाजमीन परवीन के घर पर माली का काम करने वाले व्यक्ति के साथ रफीक काम करने आया था. इसी बीच रफीक ने घर पर रखा मोबाइल चोरी कर लिया. मोबाइल चोरी की घटना सीसीटीवी मे कैद हो गई. इसके बाद पुलिस ने रफीक को गिरफ्तार कर लिया. रफीक ने बताया कि उसने मोबाइल पैराडाइज मोबाइल दुकान में वारिस को बेचा है. जब पुलिस ने वारिस को गिरफ्तार किया तो पता चला कि उसने संजय मार्केट से रहमत से मोबाइल का लॉक तोड़वाया था. पुलिस ने चोरी का मोबाइल बरामद कर लिया है. सभी को जेल भेज दिया गया है.













