
जमशेदपुर : जमशेदपुर के सोनारी कपाली बस्ती में दूसरे दिन भी हंगामा होता रहा. यहां दोनों गुट आमने सामने आ गये है. पुलिस बल को वहां तैनात किया गया है. इसको लेकर दोनों गुटों को समझाने का प्रयास किया जा रहा है. दूसरी ओर, सोनारी थाना क्षेत्र के कपाली बस्ती में बीती रात दो पक्षों में हुआ पथराव ना तो छेड़खानी से जुड़ा है और ना ही पुराने विवाद से. मामला बस्ती में शराब के अवैध कारोबार से जुड़ा है. शराब बेचने के लिए इलाके में वर्चस्व को लेकर अभय गोप और विशाल महाली के बीच पथराव हुआ है. घटना के बाद पुलिस ने इलाके को छावनी में तब्दिल कर दिया था. इलाके में क्यूआरटी की टीम को लगाया गया था. इस घटना के बाद पुलिस ने एक दर्जन से ज्यादा लोगों को उठाया था. इधर बुधवार को बस्तीवासी के साथ कांग्रेस नेताओं ने हिरासत में लिए गए लोगों को मासूम बताते हुए थाना के बाहर प्रदर्शन करने लगे. (नीचे पूरी खबर देखें)

इनके द्वारा थाना के मेन गेट को बंद करने का भी प्रयास किया गया. सभी का कहना था कि पुलिस बिना वजह सभी को हिरासत में लेकर थाना लाई है. इसमें हिरासत में लिए गए लोगों का कोई दोष नहीं है. हालांकि इस प्रदर्शन से पुलिस के कान में जूं तक नहीं रेंगी. स्थानीय लोगों के अनुसार सोनारी के कपाली बस्ती में पूर्व में विशाल महाली और रोहित अवैध शराब का कारोबार चलाते थे. धीरे-धीरे अभय गोप, नलिन प्रसाद और सुमित ने भी बस्ती में अवैध शराब का धंधा खोल दिया. अभय गोप पुलिस की मिली भगत से इलाके में बड़े पैमाने पर अवैध शराब का कारोबार करता आ रहा था. विशाल को यह बाच नहीं पच रही थी. वह चाहता था कि वह इलाके में अवैध शराब का पुराना कारोबारी है. इसी मामले को लेकर दोनों को बीच विवाद है. मंगलवार को इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था. बाद में जब पुलिस बस्ती में गई तो सभी ने पुलिस पर भी पथराव कर दिया. पुलिस मामले को अलग रंग रुप देने का प्रयास कर रही है.













