
चाकुलिया : चाकुलिया प्रखंड के ग्रामीण दोहरी परेशानियों से जूझ रहे हैं. ग्रामीण कोरोना संक्रमण से दहशहत में हैं, वही इन दिनों ग्रामीण और किसान हाथियों के झुंड के आने से परेशान हैं. विगत तीन-चार दिनों ने प्रखंड की सरडीहा पंचायत में 12 हाथियों के झुंड के आने से ग्रामीण परेशान हैं. वही पंचायत के विभिन्न गांव के किसान हाथियों के झुंड से अपनी फसल की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं. मंगलवार और बुधवार की सुबह हाथियों के झुंड ने पंचायत के रूपुषकुंडी गांव में प्रवेश कर जमकर उत्पात मचाया. हाथियों के झुंड ने खेत में लगी गरमा धान की फसलों को पैरों तले रौंदकर और खा कर नष्ट कर दिया. किसानों ने कहा कि वे दोहरी मार झेल रहे हैं. उन्होंने कहा कि कहा कि किसान एक तरफ कोरोना महामारी से त्रस्त हैं, तो दूसरी तरफ हाथियों ने उनकी परेशानी बढ़ा दी है. हाथियों के आतंक से ग्रामीण शाम ढलते ही अपने-अपने घरों में दुबक जाते हैं. ग्रामीणों ने कहा कि सरडीहा पंचायत में किसानों ने किसी तरह उधार लेकर कई एकड़ में गरमा धान, करैला समेत अन्य सब्जी की खेती की है. पंचायत में हाथी के आने से किसानों को हाथियों से अपनी फसल की सुरक्षा की चिंता सताने लगी है.













