
आदित्यपुर : ईचागढ़ के पूर्व विधायक अरविंद कुमार सिंह के निजी अंगरक्षक दिवंगत राजेश कुमार सिंह का बीते 10 मई को टाटा मोटर्स अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया था. इससे आदित्यपुर क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ता मर्माहत हैं. इधर स्वर्गीय राजेश की याद में आदित्यपुर स्थित होली डे इन प्लाजा कार्यालय में एक श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया. सभा में उपस्थित लोगों ने बारी-बारी से उनकी तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की. सभा में स्वर्गीय राजेश की याद में दो मिनट का मौन धारण कर ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गयी. सभा में दिवंगत राजेश की जीवनी पर चिंतन-मंथन कर उनके अधूरे कार्यों को पूरा करने का संकल्प लिया गया. विदित हो कि दिवगंत राजेश सिंह पूर्व विधायक अरविंद सिंह के अंगरक्षक के साथ ही सामाजिक और मानवीय कार्यों में बढ़ चढ़कर हिस्सा लेते थे और यही वजह है कि उनके देहावसान से क्षेत्र के लोग मर्माहत हैं. सभा में पूर्व विधायक अरविंद कुमार सिंह ने अपने शोक संदेश में कहा कि ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति दें और उनके परिवार को इस दुख की घड़ी में सहन शक्ति दें। उन्होंने आने वाले समय में स्वर्गीय राजेश के परिवार को हर संभव मदद करने की बात कही. श्रद्धांजलि सभा में मुख्य रूप से ईचागढ़ के पूर्व विधायक अरविंद कुमार सिंह के अनुज नवीन सिंह, विनायक सिंह, अंकुर, हर्ष सिंह, समाजसेवी सत्य प्रकाश, ऋषि मिश्रा, समरेंद्र नाथ तिवारी, उप मुखिया सुनील गुप्ता, बिनय तिवारी, प्रभात रंजन श्रीवास्तव, अरुण सिंह, बिनय सिंह, जवाहर, संजय कुमार सिंह, उमेश सिंह, विजय सिंह, राज कुमार, लोकेश ओझा, पीटर, जगदीश नारायण चौबे, इंद्रजीत, मनोज वर्मा समेत कई लोग उपस्थित थे.




