
जमशेदपुर : यास के आने वाले चक्रवाती तूफान को लेकर जमशेदपुर में काफी अहतियात बरती गयी है. इसको देखते हुए 26 मई बुधवार की सुबह में चक्रवात ‘यास’ के पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर) जिला में आने की संभावना को देखते हुए जान-माल की क्षति को रोकने के दृष्टिकोण से आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 के धारा-30, 33 एवं 34 में प्रदत शक्ति के आलोक में जमशेदपुर के उपायुक्त-सह अध्यक्ष, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकार ने 26 मई बुधवार की सुबह 6 बजे से 27 मई गुरुवार की सुबह 06:00 बजे तक सभी तरह की दुकानें ( मेडिकल दुकानों को छोड़कर) बंद रखने का आदेश जारी किया है. साथ ही आवागमन केवल चिकित्सीय कारणों से अस्पताल जाने अथवा दवा लेने हेतु की जा सकेगी. सरकारी वाहन, राहत दल का वाहन, माल वाहक वाहन, प्रेस कर्मी के वाहन एवं औद्योगिक इकाइयों और प्रतिष्ठानों में ड्यूटी पर मौजूद कर्मियों के आवागमन हेतु प्रयोग किये गये निजी वाहनों पर यह आदेश लागू नहीं होगा. इसको कड़ाई से लागू करने को कहा गया है.













