जमशेदपुर : टाटा स्टील द्वारा जमशेदपुर में संचालित टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) में हॉस्पिटल एडवाइजरी कमेटी की बैठक हुई. इस बैठक में मरीजों की बेहतर देखभाल, चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार, डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं, सुरक्षा व्यवस्था तथा अस्पताल की कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई. बैठक में चेन्नई के शंकर नेत्रालय, बंगलुरु के नारायण हेल्थ तथा टाटा एमडी डिजिटल नर्व सेंटर (डीआइएनसी) के भ्रमण से प्राप्त अनुभवों एवं रिपोर्ट्स की समीक्षा की गई. इन प्रतिष्ठित संस्थानों की उत्कृष्ट कार्यप्रणाली से सीख लेकर टीएमएच में मरीजों को और बेहतर सुविधाएं प्रदान करने की संभावनाओं पर विचार किया गया. बैठक से पूर्व टाटा स्टील के वीपी कारपोरेट सर्विसेज डीबी सुंदर रामम के नेतृत्व में सभी विभागों के एचओडी तथा टाटा वर्कर्स यूनियन के महासचिव सतीश कुमार सिंह के साथ एडवाइजरी कमेटी के सभी यूनियन सदस्यों द्वारा लगभग एक घंटे का सेफ्टी लाइन वॉक किया गया. (नीचे देखे पूरी खबर)

इस दौरान मरीजों एवं उनके परिजनों की सुविधा, सुरक्षा और अस्पताल की व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर प्राप्त ऑब्जरवेशन एवं सुझावों पर सुधारात्मक कार्रवाई शुरू की गई. ओपीडी में अपॉइंटमेंट लेने के बाद मरीजों के नहीं पहुंचने से उस स्लॉट के अनुपयोगी रह जाने की समस्या पर भी गंभीर चर्चा हुई. समिति के प्रयासों से इस स्थिति में उल्लेखनीय सुधार होने पर संतोष व्यक्त किया गया तथा इसे और बेहतर बनाने के लिए कर्मचारियों विशेषकर अवकाशप्राप्त कर्मचारियों के बीच और जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया गया. कर्मचारियों एवं उनकी पत्नी को एग्जिक्युटिव हेल्थ चेकअप केंद्र में नियमित स्वास्थ्य जांच कराने के लिए जेडीसी एवं अन्य मंचों के माध्यम से प्रोत्साहित करने पर भी चर्चा हुई. मरीजों की सुविधाओं के विस्तार के क्रम में सीसीयू एवं ऑपरेशन थिएटर के वेटिंग हॉल में एसी की व्यवस्था तथा दूसरी मंजिल के प्रतीक्षालय में अतिरिक्त वाटर कूलर लगाए जाने की जानकारी दी गई. अस्पताल में नई सीटी स्कैन मशीन स्थापित की गई है, जिससे हृदय संबंधी बीमारियों की जांच एवं शीघ्र निदान में महत्वपूर्ण सहायता मिलेगी. बरसात के मौसम में मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए बुखार जांच केंद्र, अतिरिक्त बिस्तरों एवं जांच रिपोर्ट समय पर उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी की गई. कर्मचारियों एवं उनके परिवारों के लिए कुछ विशेष चिकित्सा सुविधाओं के शुल्क को किस्तों में भुगतान करने की व्यवस्था उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया, जिस पर प्रबंधन ने सकारात्मक विचार करने का आश्वासन दिया. साथ ही, कारखाने के फर्स्ट एड सेंटर में उपलब्ध डॉक्टर द्वारा ड्यूटी में मौजूद कर्मचारियों के लिए आवश्यक टेस्ट एडवाइस कर सकने की सुविधा उपलब्ध कराने का सुझाव भी रखा गया, ताकि उन्हें इसके लिए अलग से अस्पताल या डिस्पेंसरी जाने की आवश्यकता न पड़े. लेबर रूम के वेटिंग हॉल में परिजनों के लिए चाय, कॉफी, अल्पाहार, मोबाइल चार्जिंग एवं वातानुकूलन की सुविधा उपलब्ध कराई गई है. इसके पास ही अतिरिक्त शौचालय बनाने का प्रयास जारी है. अस्पताल परिसर में पार्किंग की समस्या के समाधान के लिए भी कार्य तेजी से चल रहा है. मरीजों को अस्पताल से छुट्टी मिलने में लगने वाले समय को कम करने के उद्देश्य से एआई आधारित व्यवस्था विकसित करने का प्रयास युद्धस्तर पर ज़ारी है, जिससे आने वाले समय में डिस्चार्ज प्रक्रिया अधिक तेज एवं व्यवस्थित हो सकेगी. अस्पताल की सुरक्षा को और मजबूत बनाने के लिए स्वचालित अग्नि शमन प्रणाली लगाने का कार्य भी जारी है. अब तक 47 प्रणालियां स्थापित की जा चुकी हैं तथा पूरे अस्पताल में लगभग 330 प्रणालियां लगाने की योजना है. बैठक में अस्पताल की सुविधाओं को लगातार बेहतर बनाने, मरीजों एवं उनके परिजनों के अनुभव को सकारात्मक बनाने तथा कर्मचारियों के स्वास्थ्य एवं कल्याण से जुड़े कई महत्वपूर्ण सुझाव प्रस्तुत किए गए. बैठक में कमिटी के चेयरमैन और टाटा स्टील के वाइस प्रेसिडेंट डीबी सुंदर रामम, कमेटी के वाइस चेयरमैन और टाटा वर्कर्स यूनियन के महासचिव सतीश कुमार सिंह, चीफ पीपुल ऑफिसर अतरई सान्याल, जीएम मेडिकल सर्विसेज डॉ. विनीता सिंह, राजेश चिंतक, डॉ. अशोक सुंदर, डॉ. ममता रथ दत्ता, राहुल दुबे, डॉ. देव संजय नाग, राजन, स्नेहा, विश्वजीत पॉल तथा टाटा वर्कर्स यूनियन से मनोज कुमार मिश्रा, राकेश कुमार सिंह, संजय कुमार सिंह, सरोज कुमार सिंह, शशांक मंजर, सूरज कुमार एवं तारकेश्वर लाल उपस्थित रहे. हॉस्पिटल एडवाइजरी कमेटी मरीजों, कर्मचारियों एवं उनके परिवारों के हित में स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुरक्षित, सुलभ, आधुनिक एवं मानवीय बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है. टीएमएच में सुविधाओं के विस्तार एवं कार्यप्रणाली में सुधार की ये पहल अस्पताल के प्रति विश्वास को और मजबूत करने तथा बेहतर स्वास्थ्य सेवा सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं.












