
जमशेदपुर : ओड़िशा और पश्चिम बंगाल के जिलों में भारी तबाही मचाने के बाद अब “यास” तूफान झारखंड की ओर रुख कर रहा है. झारखंड के जमशेदपुर में गुरुवार की अहले सुबह इस तूफान के पहुंचने की संभावना है. फिलहाल “यास” ओड़िशा के बादामपहाड़ तक पहुंच चुका है. यह अनुमान लगाया जा रहा है कि सुबह 3 से 5 बजे के बीच यह जमशेदपुर में दस्तक दे सकता है. इधर जिला प्रशासन इससे निपटने के लिए पूरी तैयारी कर चुका है. बुधवार को इस तूफान ने कुछ ज्यादा नुकसान नहीं किया है. हालांकि तेज़ हवाओं के कारण कई जगह पेड़ गिरने से बिजली व्यवस्था चरमरा गई है. तूफान से जिले के कुल 848 गांव के कुल 8 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित हुए है. जिला प्रशासन द्वारा जिले में बनाए गए 310 शेल्टर होम में 10 हजार से ज्यादा लोगों ने शरण ली. 31 घरों को तूफान से नुकसान हुआ है. तूफान से बहरागोड़ा में एक एलटी केबल को नुकसान हुआ है वहीं धालभूमगढ में भी एचटी केबल को नुकसान हुआ है. (नीचे भी पढ़ें)

इधर तूफान से बिरसानगर और जुगसलाई फीडर भी तेज हवाओं के कारण ब्रेक डाउन हुए है. जिले के ग्रामीण इलाकों में बिजली व्यवस्था चरमरा गई है. बुधवार को चार बजे तक खरकाई नदी का जलस्तर 125.35 मीटर और स्वर्णरेखा नदी का जलस्तर 115.48 दर्ज किया गया. उपायुक्त सूरज कुमार ने पूरी टीम की प्रशंसा की और कहा कि कोरोना के अलावा “यास” बड़े पैमाने पर पहला संकट है जिसका सामना करना है. चक्रवात का असर 26 मई की रात एवं 27 मई को भी रहेगा लेकिन राहत की बात यह है कि इसकी अनुमानित तीव्रता कम हो गई. जानमाल के नुकसान को शून्य रखने के लिए अपनी ऊर्जा के साथ कार्यक्षेत्र में डटे रहें. सभी अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करें. इधर तूफान को लेकर प्रशासन हाई अलर्ट पर है. जिले के उपायुक्त सूरज कुमार, वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ एम तमिल वाणन ने शहरी क्षेत्र, उप विकास आयुक्त व एसडीएम धालभूम ने धालभूम अनुमंडल तथा एसपी सिटी, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर एवं एसडीएम घाटशिला, घाटशिला अनुमंडल में कैंप किये हए हैं और पल पल की खबर रख रहे हैं.













