
जमशेदपुर : जमशेदपुर के कदमा थाना अंतर्गत निर्मल कॉलोनी के लोग चोरी और पत्थरबाजी की घटनाओं से त्रस्त हैं. इसे लेकर स्थानीय लोग शनिवार को कदमा थाना पहुंचे और थाना प्रभारी से मिल कर एक मांग पत्र सौंपा. इस संबंध में स्थानीय लोगों ने बताया कि उनका बस्ती में रहना दूभर हो गया है. बस्ती में आये दिन चोरी की घटनाएं हो रही हैं. इसके साथ ही पत्थरबाजी की भी घटनाएं हो रही हैं. चोरों का मनोबल इतना बढ़ गया है कि अब वे पर्चा छोड़ कर चोरी की धमकी दे रहे हैं. एक व्यक्ति के घर में चोरों ने पर्चा छोड़ा है जिसमें लिखा है ‘तुम लोगों के घर में चोरी होगी, चाहे कुछ भी कर लो’. इससे आतंकित लोगों ने भाजपा के कदमा मंडल अध्यक्ष राजेश सिंह के नेतृत्व में शनिवार को कदमा थाना प्रभारी से मुलाकात की. (नीचे भी पढ़ें)
थाना प्रभारी को उक्त जानकारी देने के साथ ही बस्तीवासियों ने बताया कि पिछले एक पखवाड़े से बस्ती में पत्थरबाजी के कारण कई घरों के शीशे टूट गए हैं. कई गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं. यह घटना किनके द्वारा अंजाम दिया जा रहा है, इस पर बस्ती वासियों ने अनभिज्ञता जाहिर की. बस्ती वासियों ने बताया कि वे चोरों व पत्थरबाजों के आतंक से त्रस्त हैं. इससे स्थानीय लोगों में दहशत है. राजेश सिंह ने कहा कि पिछले दिनों एक चोर को पकड़ कर पुलिस को सौंप दिया गया था, बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई. अब थाना प्रभारी ने मामले को गंभीरता से लेने का आश्वासन दिया है. बावजूद यदि 24 घंटे के अंदर कार्रवाई नहीं होती है, तो भाजपा थाने का घेराव व उग्र आंदोलन करेगी.



