
जमशेदपुर : जमशेदपुर के परसुडीह थाना अंतर्गत रेलवे
लोको कॉलोनी में रेलवे कर्मचारी टी भास्कर राव के घर पर हथियार के बल पर लूट की घटना को अंजाम देने वाले चार अपराधियों ने घटना को अंजाम देने के ठीक बाद बर्मामाइंस के रेलवे कैरेज कॉलोनी में भी एक लूट की वारदात को अंजाम दिया. इस मामले में लुटेरों ने के जानकी के घर पर घर के लोगों को बंधक बना लगभग चार लाख रुपए के गहने और नकद की लूट कर ली. घटना की अंजाम देने के बाद सभी बाइक पर सवार होकर फरार हो गए. इसके ठीक बाद के जानकी ने 100 डायल कर पुलिस को इसकी सूचना दी. मामले में पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. संभवतः रविवार को पुलिस मामले का खुलासा कर देगी.
ऐसे दिया घटना को अंजाम
गुरुवार देर रात दो बाइक पर सवार होकर चार अपराधी पहले टी भास्कर राव के घर पहुंचे और दरवाजा खटखटाया. जब टी भास्कर राव ने उनसे परिचय पूछा तो लुटेरों ने खुद को परसुडीह थाना का कर्मचारी बताया. टी भास्कर राव के दरवाजा खोलते ही सभी उसके घर में घुस गए और हथियार सटाकर घर में लूटपाट की. टी भास्कर राव के घर में लूटपाट करने के ठीक बाद सभी लगभग देर रात 12 बजे के जानकी के घर पहुंचे और उनके घर में भी लूटपाट की. फिलहाल पुलिस सभी से पूछताछ कर रही है.














