जमशेदपुर : जमशेदपुर के बिरसानगर थाना क्षेत्र के प्रकाश नगर में जुआ खेलने के मामले में गिरफ्तार सभी 15 आरोपियों को जमशेदपुर कोर्ट के प्रथम श्रेणी न्यायिक दंडाधिकारी अर्पणा कुमारी की न्यायालय द्वारा जमानत प्रदान कर दी गई. प्राप्त जानकारी के अनुसार, 25 अक्टूबर की रात्रि को पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर प्रकाश नगर स्थित प्रितपाल सिंह के मकान में छापेमारी की थी. पुलिस की कार्रवाई के दौरान कथित रूप से जुआ खेलते हुए 15 लोगों को गिरफ्तार किया गया था. पुलिस ने मौके से 7,67,400 रुपये नकद, 16 मोबाइल फोन तथा ताश के पत्ते जब्त किए थे. (नीचे भी पढ़ें)
गिरफ्तार आरोपियों में प्रवीण कुमार सिंह, अभिषेक सिंह, हरिलाल गुप्ता, अफताब आलम, प्रीतपाल सिंह, विमलेश सिंह, राजेश कुमार, राजा मंडल, अर्जुन महतो, रंजीत महतो, रवि कुमार गुप्ता, मिथुन कुमार, आकाश मुंडा, पप्पू शर्मा उर्फ रामप्रकाश शर्मा और निरंजन श्रीवास्तव शामिल हैं. इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों की ओर से न्यायालय में जमानत याचिका प्रस्तुत की गई. बचाव पक्ष की ओर से अधिवक्ता गौरव पाठक एवं अधिवक्ता संजय सिंह ने न्यायालय के समक्ष प्रभावी ढंग से पक्ष रखा तथा जमानत के पक्ष में अपनी दलीलें प्रस्तुत कीं. इसके बाद कोर्ट ने सभी आरोपियों को जमानत प्रदान कर दी. इस दौरान बहस में पुलिस की ओर से प्रभावी तरीके से बातों को नहीं रखा गया, जिस कारण सबको जमानत दे दी गयी.












