
जमशेदपुर : रेलवे ने एक अनोखी मिसाल पेश की है. महिला और उसके नवजात शिशु को बचाने के लिए एक ट्रेन को स्टेशन से खुलने के बाद वापस स्टेशन लाया गया, ताकि जच्चा और बच्चा दोनों को बचाया जा सके. मामला जमशेदपुर के टाटानगर स्टेशन का है. जहां बुधवार को भोर 3 बजकर 55 मिनट पर आनंद विहार टर्मिनल से भुवनेश्वर जाने वाली संपर्क क्रांति एक्सप्रेस 10 मिनट के ठहराव के बाद गंतव्य के लिए निकल गई. थोड़ी देर बाद ही आरपीएफ जवानों ने कंट्रोल रूम को सूचना दी कि ट्रेन के बोगी नंबर एस-5 के 61 नंबर बर्थ पर एक गर्भवती महिला है जो प्रसव पीड़ा से तड़प रही है. ट्रेन टाटानगर स्टेशन के आउटर तक को पर कर चुकी थी. सूचना मिलने पर वरीय अधिकारियों ने मानवता दिखाते हुए ट्रेन को वापस स्टेशन लाने का आदेश दे दिया. स्टेशन पहुंचते ही महिला को एंबुलेस से सदर अस्पताल पहुंचाया जहां महिला ने एक बच्चे को जन्म दिया.





