
रांची : झारखंड की राजधानी रांची के हरमू में बुधवार को राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सरदार पटेल पार्क का विधिवत उद्घाटन किया. इसके साथ ही पार्क को आम लोगों के लिए खोल दिया गया है. राजधानी का यह सबसे आधुनिक पार्क माना जा रहा है. यह शहर का पहला ऐसा पार्क है जहां बैडमिंटन से लेकर वॉलीबॉल कोर्ट की सुविधा उपलब्ध करायी गयी है. हर उम्र के लोग इसका लाभ उठा सकेंगे. ढ़ाई करोड़ की लागत से बना यह पार्क करीब ढ़ाई एकड़ क्षेत्र में फैला है. इसकी खासियत यह है कि यहां हर उम्र के लोग इंजॉय कर सकते हैं. यहां बच्चों के लिए जहां चिल्ड्रेन जोन बनाया गया है, वहीं युवाओं के लिए ओपन जिम का निर्माण किया गया है. बुजुर्गों के लिए बैठने का खास इंतजाम किया गया है. इसके अलावा यहां सरदार पटेल की 15 फीट की आदमकद प्रतिमा स्थापित की गयी है. सरदार पटेल पार्क में इंट्री फीस पांच रुपये रखी गई है. वहीं, सुबह 5:00 से लेकर 8:00 बजे तक मॉर्निंग वॉकर्स के लिए इंट्री फ्री रहेगी. उनसे किसी तरह का शुल्क निगम नहीं लेगा. पार्क शाम सात बजे तक खुला रहेगा.




