
जमशेदपुर : जमशेदपुर में सरायकेला-खरसावां ज़िला के आदित्यपुर के रास्ते ब्राउन शुगर बेचने का धंधा चल रहा है. साकची में ब्राउन शुगर के साथ धराए दो युवकों ने एक बार फिर से इसका खुलासा किया है. गुरुवार को साकची पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर सीतारामडेरा भालूबासा निवासी सोनू जयसवाल उर्फ टाटा और मो साहिल को गिरफ्तार किया. तलाशी के दौरान पुलिस ने इसके पास से 78 पुड़िया ब्राउन शुगर और 4,260 रुपया नगद बरामद किया है. पुलिस ने इनके पास से स्कूटी भी बरामद की है. पूछताछ में दोनो ने पुलिस को बताया है कि दोनो ब्राउन शुगर की खरीद आदित्यपुर से करते थे. आदित्यपुर से एक महिला उन्हे ब्राउन शुगर बेचती थी. (नीचे पढ़ें पूरी खबर व देखे वीडियो)
एक पुड़िया ये लोग 150 रूपये में बेचते थे. जानकारी देते हुए डीएसपी सिटी अनिमेष गुप्ता ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि इलाके में ब्राउन शुगर बेचने आए है. सूचना मिलने पर एक टीम का गठन किया गया था जिसमे थाना प्रभारी राजेश कुमार सिंह, एसआई अभिनंदन कुमार, एसआई परवेज आलम, आरक्षी संतोष कुमार पासवान और ललन राम शामिल थे. टीम ने एक साथ मिलकर छापेमारी की ओर दोनो को गिरफ्तार कर लिया. उन्होंने बताया कि सोनू पूर्व में भी ब्राउन शुगर बेचने के मामले में जेल जा चुका है.











