
रांची : भारत सरकार द्वारा कोल इंडिया लिमिटेड में स्वतंत्र निदेशक के तौर पर जमशेदपुर के पूर्व एसपी और पूर्व आइपीएस अधिकारी डॉ अरुण उरांव को जगह दी गयी है. उनको पार्ट टाइम निदेशक नियुक्त किया गया है. कोल इंडिया ने एक साथ छह नन ऑफिसियल पार्ट टाइम निदेशक की नियुक्ति की है, जिसमें पूर्व आइपीएस अधिकारी डॉ अरुण उरांव को जगह दी गयी है. उनका अपने गांव पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया. भारत सरकार द्वारा ‘ कोल इंडिया लिमिटेड ‘ में स्वतंत्र निदेशक के तौर पर नियुक्त किये जाने के बाद रांची आगमन पर साथी सहयोगियों द्वारा पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया. भगवान बिरसा को नमन कर उनके आशीर्वाद के लिए विनती की. इस जिम्मेदारी के लिए पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का आभार भी जताया. .इसके माध्यम से देश और राज्य की बेहतरी के लिए ईमानदारी से प्रयास करने के लिए कृत संकल्प हूं, यह बातें डॉ उरांव ने कहीं. डॉ अरुण उरांव भाजपा के राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति मोर्चा के राष्ट्रीय पदाधिकारी भी है जबकि रांची के जाने माने क्रिकेटर भी रहे है. वे पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस के दिग्गज नेता बंदी उरांव के बेटे है जबकि पंजाब कैडर में वे आइपीएस रह चुके थे, जिन्होंने आईजी रैंक से इएसएस ले लिया. उनकी पत्नी गीताश्री उरांव भी झारखंड सरकार में शिक्षा मंत्री रह चुकी है. वे हेहल स्पोर्टिंग क्लब के अध्यक्ष भी है.











