
जमशेदपुर : जमशेदपुर के साकची स्थित जमशेदपुर आई हॉस्पिटल (जेईएच) में नये प्रोजेक्ट की शुरुआत की गयी है, जिसमें आई हॉस्पिटल का विस्तार किया जा रहा है. साथ ही प्री-आपरेटिव केयर विंग का नवीकरण किया जा रहा है. मरीजों को यहां सर्जरी से पूर्व कई तरह की जांच के लिए बाहर जाना पड़ता था, अब इस प्रोजेक्ट के पूरा हो जाने पर उन्हें बाहर नहीं जाना पड़ेगा, बल्कि एक ही छत के नीचे सारी सुविधा उपलब्ध होगी. अत: मरीजों की सुविधा को देखते हुए प्री आपरेटिव का पुनः निर्माण किया जा रहा है. नई पीओसी विंग के तहत मरीजों को एक ही छत के नीचे सभी प्रकार की सुविधा मुहैया कराई जाएगी, जिसमें पैथोलॉजिकल टेस्ट के लिए नमूना संग्रह करना और फिजिशियन/ एनेस्थेटिस्ट की जांच की सुविधा दी जाएगी. कोरोना के समय भीड़ कम करने के लिए ओपीडी वेटिंग एरिया को पहले मंजिल पर शिफ्ट कर दिया गया था, जिसका अब पुनः निर्माण ग्राउंड फ्लोर किया जाएगा. जेईएच की प्रेसिंडेट रुचि नरेंद्रन ने नारियल फोड़ कर इस निर्माण कार्य का शिलान्यास किया. (नीचे भी पढ़ें व देखें वीडियो)
इस दौरान मुख्य अतिथि जेईएच यूनियन के प्रेसिंडेट राकेश्वर पांडे भी उपस्थित. रुचि नरेंद्रन ने बताया कि जमशेदपुर आई हॉस्पिटल का यह जुबली ईयर है, जिसका उद्देश्य है कम पैसों में मरीजों को अच्छी सुविधा प्रदान करना है. उसे ध्यान में रखते हुए इस प्रोजेक्ट की शुरुआत की गई है. प्रोजेक्ट फरवरी तक तैयार हो जाएगा. उन्होंने बताया कि पूरे अस्पताल में अब फायर हाइब्रिड सिस्टम भी लगाया जाएगा. इस अवसर पर जेईएच के उपाध्यक्ष चाणक्य चौधरी, जेईएच यूनियन के समिति सदस्य बीके डिन्डा, जेईएच के स्टाफ सदस्य और टाटा मेन हॉस्पिटल के आफ्थाल्मोलोगिस्ट समेत अन्य लोग उपस्थित थे.



